संयुक्त राष्ट्र के एक विशेष प्रतिवेदक (स्पेशल रैपोर्टियर) ने गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम की डी-कंपनी को भारत-आधारित आपराधिक समूह बताया, जिसके बाद भारत भड़क गया है। उसने यूएन को जमकर लताड़ा है। भारत ने कहा है कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में छिपा हुआ है। वही देश जहां ओसामा बिन लादेन मिला था और मारा गया था। भारत ने आतंकवाद-रोधी रिपोर्ट में पक्षपात को लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) के प्रतिवेदकों (रैपोर्टर्स) की कड़ी आलोचना की और निष्पक्षता के उच्च मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र के प्रतिवेदक बेन सॉल ने अपनी रिपोर्ट में दाऊद इब्राहिम को ‘भारत-आधारित’ डी-कंपनी नामक आपराधिक गिरोह का सरगना बताया, जिसके आतंकवादी संबंध हैं।
रिपोर्ट में गलती
इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए, भारतीय राजनयिक रघु पुरी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा, “हम इस बात पर गहरी चिंता जताते हैं कि विशेष प्रतिवेदक (SR) ने फैक्टुअल गलत रिपोर्ट जारी कर रहे हैं, जबकि इसके लिए उन्हें जवाबदेह नहीं ठहराया जाता। यह सदस्य देशों के सामने एक ऐसी स्थिति पैदा कर देता है जिसे बदला नहीं जा सकता। यह इस संगठन के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है, जो पहले ही अपनी वैधता को लेकर चुनौतियों का सामना कर रहा है।
पाकिस्तान में है दाऊद
पुरी ने इस बात पर जोर दिया कि दाऊद एक वांछित अपराधी है और पाकिस्तान में छिपा है, वही देश जहां ओसामा बिन लादेन मिला था और मारा गया था. भारतीय राजनयिक ने कहा, “रिपोर्ट में उल्लेख है कि 2003 में सुरक्षा परिषद ने एक आपराधिक गिरोह, ‘डी-कंपनी’ के सरगना को अल-कायदा से जुड़े होने के कारण लिस्ट किया था। अगर इस लाइन को अलग से पढ़ा जाए, तो यह असल सच्चाई से बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करती है. यह संगठन और इसका सूचीबद्ध सरगना, दाऊद इब्राहिम, 1993 से ही भारत में आतंकी हमलों के मामलों में वांछित है।
1267 प्रतिबंध व्यवस्था के तहत उसे सूचीबद्ध करने के कारणों के विवरण में यह बात स्पष्ट रूप से लिखी गई है। इस तथ्य का जिक्र न करना खेदजनक है. विशेष जनादेश प्राप्त अधिकारियों की ऐसी अक्षमता इस संगठन को भारी नुकसान पहुंचाती है. मैं रिकॉर्ड के लिए इसे स्पष्ट कर दूं: यह व्यक्ति 2003 में लिस्ट होने से बहुत पहले ही भारत से भाग गया था। इसी दौरान, देश के बाहर रहते हुए उसे अल-कायदा और ओसामा बिन लादेन से जुड़े होने के कारण लिस्ट किया गया था. आज भी वो मेरे देश में एक वांछित अपराधी है और संयुक्त राष्ट्र की सूची के अनुसार, वह उसी देश में रह रहा है जहां ओसामा बिन लादेन मिला था और मारा गया था।

