रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी 2022 से जारी युद्ध को खत्म करने में मदद की पेशकश भारत की तरफ से की गई है। इससे जुड़ा एक बयान भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने यूक्रेन दौरे के दौरान दिया है। उन्होंने कहा है कि भारत, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को खत्म करने में मदद के लिए तैयार है। विदेश मंत्री का बयान गुरुवार को कीव में अपनी यात्रा के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए आया है कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत मध्यस्थता करने के लिए तैयार है।
यूक्रेन के विदेश मंत्री के सामने दिया बयान
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्री सिबिहा के साथ मौजूद भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि अगर भारत किसी भी तरह से मदद कर सकता है, तो हम तैयार हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दोनों मंत्रियों के बीच ब्लैक सी यानी काला सागर में कमर्शियल शिपिंग पर हो रहे हमले के बारे में भी बातचीत हुई।
यूक्रेन के दौरे पर हैं विदेश मंत्री
विदेश मंत्री जयशंकर अभी यूक्रेन के दौरे पर हैं. इस दौरान विदेश मंत्रालय ने बताया कि वह अपने यूक्रेनी समकक्ष आंद्री सिबिहा और पोलैंड के उप प्रधानमंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय की तरफ से आधिकारिक बयान में कहा है कि इस यात्रा का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाना और क्षेत्रीय घटनाक्रम और आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान प्रदान करने का मौका देना है। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब ब्लैक सी में रूस और यूक्रेन के बीच हालिया तनाव के दौरान भारतीय नाविक मारे गए और घायल हुए थे।
युद्ध में अब तक कितने लोगों की गई जान?
फरवरी 2022 से जारी यूक्रेन और रूस के बीच जंग में अबतक 20 लाख सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं. सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज की रिपोर्ट में बताया गया है कि रूसी सेना के कुल हताहत सैनिकों की संख्या ही 12 लाख तक पहुंच चुकी है. इनमें 5 लाख से ज्यादा सैनिक मारे जा चुके हैं, वहीं, यूक्रेन में यह आंकड़ा 5 से 6 लाख सैनिकों का है. इनमें से एक से डेढ़ लाख सैनिकों की मौत हो चुकी है. वहीं, यूएन की रिपोर्ट के मुताबिक, युद्ध में अबतक 16 हजार से अधिक नागरिकों की जान जा चुकी है. साथ ही 46,500 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

