नई दिल्ली । पाकिस्तान में इन दिनों हालात ये हैं कि आम नागरिक भारत से आने वाले कॉल उठाने में डर रहे हैं। यह दावा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस मार्कंडेय काटजू के पाकिस्तान में रहने वाले एक दोस्त ने किया है। काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने दोस्त से बातचीत का जिक्र किया है। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान जबरदस्त कटाक्ष भी किया है।
‘पाकिस्तान में भारतीयों का कॉल खतरनाक’
मार्केंडेय काटजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘मेरा एक पाकिस्तानी दोस्त है जो काफी समय से मेरी वाट्सऐप कॉल नहीं उठा रहा था। आज जब मैंने उसे फोन किया, तो उसने कहा कि पाकिस्तान में भारतीयों की कॉल उठाना खतरनाक है।’
इसके बाद काटजू ने जवाब में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ के कथित हालिया बयान का हवाला दिया। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि अगर मरियम नवाज ने कहा है कि भारत पाकिस्तान का दुश्मन नहीं है, बल्कि उसके दुश्मन बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा हैं, तो उनके पाकिस्तानी दोस्त को भारतीयों की कॉल से डरने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
काटजू ने तंज कसते हुए कहा कि उनका दोस्त भारतीयों के फोन बिना किसी डर के उठा सकता है, लेकिन उसे बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा से आने वाली कॉल जरूर नहीं उठानी चाहिए।
रिया नवाज शरीफ ने क्या कहा था?
पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा कि उनके सूबे को पड़ोसी देशों के मुकाबले पड़ोसी सूबों से अधिक खतरा है। पाकिस्तान में विशेषकर पंजाब से सटे खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सूबों में गत वर्षों के दौरान आतंकी गतिविधियों में काफी बढ़ी हैं। पंजाब सूबे की सीमा भारत से भी लगती है। मरियम ने शनिवार को लाहौर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘पंजाब में आतंकवाद राज्य की सीमाओं से दाखिल होता है। दुख की बात यह है कि 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब को जो खतरा है, वह मेरे पड़ोसी देशों से कम और पड़ोसी राज्यों से अधिक है।’
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का किया जिक्र
पंजाब की मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पड़ोसी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वहां से पंजाब में आतंकवाद आता है। सबकी नजरें पंजाब पर हैं, लेकिन ईश्वर का शुक्र है कि पंजाब सुरक्षित है। हमें जिस तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है, वे हमारी सभी प्रांतीय सीमाओं से आते हैं। खैबर पख्तूनख्वा सूबे में सत्तारूढ़ प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के वरिष्ठ नेता ने पंजाब की मुख्यमंत्री की टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे ‘अपमानजनक’ बताया।

