IND vs ENG 3rd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला मंगलवार नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज में 0-1 से पिछड़ी भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। अगर टीम इंडिया आज हार जाती है तो सीरीज जीतने की उसकी उम्मीदें खत्म हो जाएंगी, वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर भी अपनी कप्तानी में पहली जीत की तलाश में हैं। दूसरे टी20 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से आज बड़ी पारी की उम्मीद होगी। मैनचेस्टर में खेले गए अपने पहले मैच में वैभव ने आक्रामक शुरुआत की थी, लेकिन 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हो गए थे। ट्रेंट ब्रिज की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर वह खुलकर खेलने की कोशिश करेंगे।
प्लेइंग-11 में हो सकता है बड़ा बदलाव
भारतीय टीम तीसरे टी20 में गेंदबाजी विभाग में बदलाव कर सकती है। रवि बिश्नोई ने पिछले मैच में चार ओवर में बिना विकेट लिए 60 रन खर्च किए थे और एक ओवर में 29 रन लुटाए थे. ऐसे में उनकी जगह युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। इंग्लैंड की परिस्थितियों को देखते हुए टीम मैनेजमेंट अतिरिक्त तेज गेंदबाज के साथ उतरने पर विचार कर सकता है।
बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
अभिषेक शर्मा को छोड़कर भारतीय बल्लेबाज अब तक इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने उपयोगी पारियां जरूर खेली हैं, लेकिन मैच पर अपनी छाप नहीं छोड़ सके. अगर भारत को सीरीज में वापसी करनी है तो बल्लेबाजों को बड़ी साझेदारियां निभानी होंगी. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 32 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड के खाते में 13 जीत आई हैं. एक मुकाबला बेनतीजा रहा।
कितने बजे शुरू होगा मैच?
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेला जाएगा। मुकाबले का टॉस भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे, जबकि मैच रात 10:00 बजे शुरू होगा। दूसरे टी20 के मुकाबले इस मैच की टाइमिंग अलग है।
कहां देखें लाइव?
भारत में इस मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के टीवी चैनलों पर किया जाएगा, वहीं, मोबाइल और लैपटॉप यूजर्स SonyLIV और JioHotstar पर मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
ट्रेंट ब्रिज की पिच और मौसम
ट्रेंट ब्रिज की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जहां बड़े स्कोर देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, शुरुआती ओवरों में नई गेंद से तेज गेंदबाजों को स्विंग और हल्की मूवमेंट मिलने की संभावना रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार नॉटिंघम में आज बारिश की संभावना बेहद कम है, इसलिए पूरे 20-20 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद है।

