गोंडा में चर्चित विनोद साहनी हत्याकांड के बाद सियासत लगातार गरमाती जा रही है। पूर्व मंत्री और पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप के गोंडा आने की सूचना के बाद लखनऊ-गोंडा मार्ग समेत जिले के कई प्रमुख रास्तों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं का आरोप है कि पीड़ित परिवार से मिलने और तेरहवीं संस्कार में शामिल होने से रोकने के लिए प्रशासन ने कई नेताओं को उनके आवास पर नजरबंद किया है।
दरअसल, सपा के जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत पार्टी के नेताओं और पूर्व विधायकों के आवास पर पुलिस की तैनाती की गई है, वहीं, राजपाल कश्यप के गोंडा आने की सूचना के बाद लखनऊ-गोंडा मार्ग पर कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
सपा ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
सपा जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर समाजवादी पार्टी के नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि विनोद साहनी के परिवार से मिलकर पार्टी नेतृत्व का संदेश पहुंचाना चाहते थे, लेकिन उन्हें नजरबंद कर दिया गया।
‘प्रशासन ने हमारे नेताओं को किया हाउस अरेस्ट’
सपा नेता ने कहा, “पीडीए परिवार की पिछले दिनों जनपद गोंडा में हत्या हुई थी। उसके विरुद्ध उसी दिन से समाजवादी पार्टी संघर्ष कर रही है और न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है। हम सब पीडीए समाज के दुखी परिवार से तेरहवीं संस्कार में मिलकर अपने नेतृत्व का संदेश देकर उनके गम को कम करने का प्रयास करना चाहते थे. लेकिन भाजपा की सरकार, भाजपा के नेताओं के इशारे पर जिला प्रशासन ने हम और हमारे तमाम नेताओं को हाउस अरेस्ट करने का काम किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा-लखनऊ, गोंडा-अयोध्या, नवाबगंज-तरबगंज-बेलसर और इटियाथोक-बलरामपुर मार्ग समेत कई रास्तों पर बैरिकेडिंग और चेकिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजपाल कश्यप के आने पर समाजवादी पार्टी के नेता उनसे मिलने के लिए बाहर निकलेंगे और प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करेंगे। विनोद साहनी हत्याकांड के बाद कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और अब समाजवादी पार्टी के नेताओं की सक्रियता से गोंडा में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
बता दें साहनी की हत्या के बाद कश्यप उनके परिजनों से मिलने गोंडा गए थे। इस पर योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने एसपी से कहा था कि हमारे लिए यहां (सर्किट हाउस ) में इतनी सिक्योरिटी है और वहां सपा का मंत्री पहुंच गए. इससे सरकार की बदनामी होती है।

