राजस्थान के डूंगरपुर जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने रतनपुर बॉर्डर पर एक ट्रक को रोका और उसमें छिपाकर लाई जा रही 20 लाख रुपये कीमत की 244 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर ली। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खीव सिंह और वृत्ताधिकारी के मार्गदर्शन में बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचन्द्र सोनी की टीम ने नेशनल हाईवे-48 पर नाकेबंदी की. उदयपुर से अहमदाबाद जा रहे अशोक लीलैंड ट्रक कंटेनर को देखकर शक हुआ।
ट्रक चालक घबराया, तलाशी में खुलासा
ट्रक को रोकते ही चालक घबरा गया. उसने शुरू में कंटेनर में साइकिल के पार्ट्स होने का दावा किया. लेकिन पुलिस ने गहन तलाशी ली तो साइकिल पार्ट्स के नीचे छुपाए गए अलग-अलग ब्रांड्स के चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 244 कार्टन बरामद हुए. जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
हरियाणा निवासी तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर ही ट्रक चालक नरेश कुमार उर्फ ओमप्रकाश जाट (निवासी फतेहाबाद, हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. ट्रक और शराब दोनों को जब्त कर लिया गया है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब की यह खेप कहां से आई थी और गुजरात में इसे किसे सप्लाई किया जाना था. पूरे तस्करी नेटवर्क को उजागर करने के लिए गहन अनुसंधान चल रहा है। पुलिस अधीक्षक, डूंगरपुर मनीष कुमार ने बताया कि ‘ऑपरेशन स्वच्छता’ के तहत हम अवैध शराब तस्करी पर लगातार शिकंजा कस रहे हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। हम पूरे नेटवर्क तक पहुंचेंगे और दोषियों को सख्त सजा दिलाएंगे. इस सफलता से डूंगरपुर पुलिस को बड़ी उपलब्धि मिली है. स्थानीय स्तर पर अवैध शराब की तस्करी और सेवन को रोकने के प्रयास और तेज किए जाएंगे।

