कांवरियों के रास्ते पर खतरा
मुजफ्फरपुर। शहर के आरडीएस कॉलेज, मुजफ्फरपुर के मुख्य गेट के अंदर और आस-पास दर्जनों दुकानदारों ने अवैध रूप से दुकानें लगाकर पूरे रास्ते को कब्जा लिया है। ये दुकानें न तो कॉलेज प्रशासन की अनुमति से हैं और न ही जिला प्रशासन की जानकारी में।
अतिक्रमण की वजह से न सिर्फ कॉलेज परिसर का माहौल अस्त-व्यस्त हो गया है, बल्कि सावन के महीने में बाबा खगेश्वरनाथ दरबार की ओर जाने वाले कांवरियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांवरियों के लिए बनाए जा रहे टेंट सिटी में जाने वाला मुख्य रास्ता बाधित हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग इन दुकानों से अवैध वसूली कर रहे हैं और इसे ही अपनी आमदनी का जरिया बना लिया है।
कॉलेज और जिला प्रशासन से मांग की गई है कि तत्काल इस अतिक्रमण को हटाया जाए और कांवरिया पथ को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए ताकि धार्मिक यात्रा बाधित न हो।

