Site icon Thenews15.in

आजम खान ने अखिलेश यादव से 2027 में कितनी सीटें मांगी?

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद उन दावों पर भी जवाब दिया है जिसमें कहा जा रहा था कि जेल में बंद पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आगामी चुनावों में 15 सीटों की मांग रखी है.

अखिलेश ने इन दावों पर कहा कि आजम खान ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कोई टिकट या सीट नहीं मांगी है. अखिलेश यादव से जब प्रदेश की सीटों को लेकर आजम खान के साथ चर्चा होने के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘403 सीटों को लेकर डिस्कशन हुआ है.’

अखिलेश के इस बयान के बाद सीटों की मांग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है. बीते दिनों दावा किया गया था कि आजम खान ने समाजवादी पार्टी से 15 सीटों की मांग की थी.

हालांकि,इसी महीने संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा था कि यह पारिवारिक मुलाकात थी और किसी सीट को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी. उन्होंने कहा था कि वे अपने जातीय मसलों पर चर्चा करने के लिए अखिलेश यादव से मिलने गए थे.

 

आजम खान से क्या-क्या चर्चा हुई?

 

अखिलेश यादव ने भी रामपुर जेल में आजम खान से मुलाकात को पारिवारिक बताते हुए कहा कि इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी उनसे सुझाव लिए गए. उन्होंने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और वह उनसे मुलाकात करने आए थे.

अखिलेश ने यह भी बताया कि वह आजम खान के परिवार से भी मुलाकात करेंगे. गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जो भी सहयोगी दल उनके साथ रहे हैं, वे मिलकर चुनाव लड़ेंगे और इस बार समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी.

अखिलेश यादव रामपुर जेल पहुंचे थे, जहां जेल प्रशासन की ओर से आजम खान से मुलाकात के लिए 45 मिनट का समय निर्धारित किया गया था. इस मुलाकात के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं, खासकर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे और समाजवादी पार्टी में आजम खान की भूमिका को लेकर.

Exit mobile version