चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-26 में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दो युवकों को कुचल दिया। डिस्को क्लब से बाहर निकलते ही दोनों युवक सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आई लग्जरी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मदद के लिए रुकने के बजाय कार समेत मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 में चल रहा है।
टक्कर इतनी तेज कि दूर जा गिरे दोनों युवक
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-26 स्थित बाबूधाम कॉलोनी निवासी अमनजट और सेक्टर-44 निवासी अलांस प्रीत शनिवार शाम डिस्को क्लब गए थे। क्लब से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार मर्सिडीज ने उन्हें टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
अस्पताल में चल रहा इलाज, परिवार चिंतित
सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत जीएमसीएच-32 पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के
परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. घटना के बाद परिवार और दोस्तों में चिंता का माहौल है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
हादसे के बाद फरार हुए चालक की तलाश के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। वाहन के नंबर और चालक की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की भी मदद ली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में हिट एंड रन और लापरवाही से वाहन चलाने की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों की याद दिलाती है. पुलिस ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और किसी भी दुर्घटना के बाद पीड़ितों की मदद करने की अपील की है.

