उत्तर प्रदेश के झांसी में कांवड़ यात्रा के दौरान आसमान से फूलों की बारिश का खूबसूरत नजारा देखने को मिला, लेकिन इसी दौरान सामने आए एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया। दरअसल, मध्य प्रदेश के ओरछा धाम से शुरू हुई कांवड़ यात्रा 20 अगस्त को झांसी के सिद्धेश्वर मंदिर पहुंची. श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए राजकीय हेलीकॉप्टर से रास्ते में कई जगह पुष्प वर्षा की गई. प्रशासन की ओर से जेल चौराहा, इलाइट चौराहा, बीकेडी चौराहा और सिद्धेश्वर मंदिर को पुष्प वर्षा के लिए तय किया गया था।
फूलों की इस बारिश ने कुछ समय के लिए माहौल को बेहद खास बना दिया, लेकिन हेलीकॉप्टर के काफी नीचे आने का वीडियो सामने आया। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में दावा किया गया कि हेलीकॉप्टर के नीचे आने से पैदा हुई तेज हवा की वजह से सड़क पर चल रहे कुछ लोगों का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल होने लगा और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने लगा।
वीडियो में क्या देखा गया?
हालांकि, सामने आए इस वीडियो से यह साफ तौर पर साबित नहीं होता कि हेलीकॉप्टर को पायलट ने गलती से बहुत नीचे उड़ाया था। इतना जरूर दिखाई देता है कि हेलीकॉप्टर के काफी नीचे आने से तेज हवा का असर सड़क पर मौजूद लोगों तक पहुंचा। इसी वजह से वीडियो देखने वालों के मन में भी एक सवाल उठ रहा है कि धार्मिक आयोजन में फूल बरसाने के दौरान सुरक्षा का कितना ध्यान रखा गया. दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक यह पुष्प वर्षा कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए की गई थी और हेलीकॉप्टर से अधिकारियों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

