हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने के कारण चंद्रभागा (चेनाब) नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि जोबरंग पुल के ऊपर से नदी का तेज बहाव गुजर रहा है, जिससे पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है. इसके चलते आसपास के कई गांवों और पंचायतों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों की आवाजाही और जरूरी सेवाओं पर असर पड़ा है।
नदी में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए BRO लगातार रख रहा नजर
नदी में बढ़ते जलप्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और सीमा सड़क संगठन (BRO) लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं. प्रभावित मार्गों को जल्द से जल्द बहाल करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपातकालीन स्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम भी किए जाएंगे।
भारी बारिश के चलते फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की घटनाएं आई सामने
लाहौल-स्पीति क्षेत्र में भारी बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सड़क संपर्क भी कई स्थानों पर बाधित हुआ है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति अपनी गाड़ी को जलमग्न जोबरंग पुल से पार करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। प्रशासन ने इस तरह के जोखिम भरे कदमों से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि तेज बहाव के बीच पुल पार करना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और मौसम व सड़क संबंधी आधिकारिक सलाह का पालन करने की अपील की है।

