दिल्ली में प्रदूषण के स्तर को देखते हुए GRAP-1 की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं, GRAP-1 के प्रतिबंध तब लागू किए जाते हैं। जब एक्यूआई 201 से 300 के बीच रहता है. GRAP-1 के तहत होटल और रेस्टोरेंट में कोयले के इस्तेमाल को बंद कर दिया जाता है. डीजल जेनेरेटर के इस्तेमाल की इजाजत सिर्फ आपात स्थिति में होती है। इस दौरान प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए कई कदम उठाए जाते हैं. सड़कों की सफाई नियमित रूप से शुरू की जाती हैं। धूल पर लगाम लगाने के लिए पानी का छिड़काव किया जाता है. साथ ही जहां कंस्ट्रक्शन चल रहे होते हैं वहां निगरानी कड़ी की जाती है। कचरे का प्रबंधन भी बेहतर तरीके से किया जाता है।
बता दें कि दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से कम है. वहीं, वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 233 दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पालम में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस
पालम में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है. रिज में न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है, जबकि आयानगर में यह 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 1.1 डिग्री कम है।
AQI का पैमाना क्या है?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में बुधवार सुबह नौ बजे एक्यूआई 233 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

