नई दिल्ली (महेश मिश्रा): पालम गांव स्थित प्रसिद्ध दादा देव मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बैसाखी पर्व के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन के साथ हुई, जिसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर की स्थापना लगभग 1400 वर्ष पूर्व मानी जाती है और तब से यह आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। पालम गांव सहित आसपास के बारह गांवों के श्रद्धालु दादा देव के प्रति गहरी आस्था रखते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
दादा देव समिति के मीडिया प्रभारी रणबीर सिंह सोलंकी ने जानकारी दी कि दादा देव की कृपा से समस्त क्षेत्र में सुख-समृद्धि एवं स्वास्थ्य का वास बना रहता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासी प्रत्येक शुभ कार्य—चाहे वह विवाह हो या कोई व्यावसायिक आरंभ—से पूर्व दादा देव का स्मरण अवश्य करते हैं।
समिति के प्रधान ओमवीर सोलंकी ने अपने संबोधन में कहा कि दादा देव सदैव क्षेत्र के संरक्षक के रूप में उपस्थित रहते हैं और सभी पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं।
इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें पालम 360 के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सिंह सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित थे। वर्ष भर मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहते हैं, किंतु बैसाखी एवं शारदीय नवरात्रि के अवसर पर विशेष आयोजन का महत्व अधिक होता है। मीडिया प्रभारी रणबीर सिंह सोलंकी ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनके सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रामचंद्र पहलवान (महासचिव), सुरेंद्र यादव (उपप्रधान), भूप सिंह, सतबीर सिंह, हरी सिंह, कोषाध्यक्ष जिले सिंह सहित पूर्व सांसद महाबल मिश्रा, सांसद रामवीर बिधूड़ी, विधायक कुलदीप सोलंकी, पूर्व विधायक धर्मदेव सोलंकी, पूर्व विधायक विजय लोचव, विधायक कैलाश गहलोत, विधायक संदीप सहरावत, पूर्व पार्षद पवन शर्मा, पार्षद नरेंद्र गिरसा, सहरावत खाप दिल्ली प्रदेश के उपप्रधान करमवीर सहरावत एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

