निर्विरोध निर्वाचित सरपंच रामज्ञान पासवान को किया गया सम्मानित
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। मुन्नी बैंगरी पंचायत स्थित सामुदायिक भवन में मंगलवार को ग्राम कचहरी सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर निर्विरोध निर्वाचित सरपंच रामज्ञान पासवान को पंचायत मुखिया दीपक कुमार द्वारा पेन और डायरी देकर सम्मानित किया गया। मुखिया ने उन्हें निर्विरोध सरपंच चुने जाने पर बधाई भी दी।
बैठक में सरपंच रामज्ञान पासवान ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “पंचायतवासियों ने जो विश्वास जताया है, उसका मैं पूरी निष्ठा और निष्पक्षता से निर्वहन करूंगा। ग्राम कचहरी में न्याय और शांति व्यवस्था बनाए रखना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। यदि किसी पंच के क्षेत्र में कोई समस्या आती है, तो मुझे तत्काल सूचित करें, मैं समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करूंगा।”
गौरतलब है कि पूर्व सरपंच मक्कू राम के निधन के बाद यह पद रिक्त हो गया था। चुनाव आयोग के निर्देश पर हुए उपचुनाव में रामज्ञान पासवान निर्विरोध रूप से सरपंच पद पर निर्वाचित हुए।
इस अवसर पर उपमुखिया शिवनाथ सिंघानियां, उपसरपंच रिंकू देवी, ग्राम कचहरी सचिव कर्मवीर कुमार, पंच संजय मिश्रा, राजेश कुमार, मुनचुन देवी, रमेश राय समेत कई गणमान्य ग्रामीण उपस्थित थे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और लोगों ने नए सरपंच को सहयोग देने का संकल्प लिया।








