
आगरा। यमुना नदी में नहाने गई चार बच्चियों की मौत का दुखद हादसा 3 जून को हुआ। यह घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के नगला नाथू गांव के पास हुई, जब छह लड़कियां नहाने के लिए नदी में उतरीं। इनमें से चार डूब गईं, जिनकी पहचान दिव्या (14), संध्या (12), शिवानी (17) और नैना (14) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें दो लड़कियों, सोनम और मुस्कान, को बचा लिया गया, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बताया गया कि गर्मी से राहत पाने के लिए ये लड़कियां नदी में गई थीं और नहाने से पहले रील भी बनाई थी। गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। आगरा के जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।