विजयादशमी पर अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में हर साल रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले जलाए जाते हैं, लेकिन, इस बार दिल्ली की प्रसिद्ध केशव रामलीला कमेटी, एनएसपी पीतमपुरा ने यहां रावण के साथ-साथ गंदगी के प्रतीक के रूप में 30 फुट ऊंचा कॉकरोच का पुतला जलाने का फैसला लिया है।
वहीं कॉकरोच के पुतला दहन करने को लेकर सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके की प्रतिक्रिया आई है. इसके जरिए उन्होंने पुतला जलाने पर धन्यवाद व्यक्त किया है। अभिजीत दीपके ने एक पोस्ट में लिखा, “फ्री की पब्लिसिटी के लिए शुक्रिया।
बीजेपी विधायक ने की पुतला जलाने की घोषणा
मॉडल टाउन से विधायक अशोक गोयल देवराहा ने इसकी घोषणा की है. विधायक अशोक गोयल देवराहा ने बताया कि केशव रामलीला कमेटी की यह पुरानी परंपरा रही है कि वह हर साल तीन मुख्य पुतलों के साथ एक चौथा पुतला भी जलाती है, जो समाज में फैली किसी बड़ी बुराई का प्रतीक होता है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले कमेटी द्वारा आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रतीक के रूप में पुतले जलाए जा चुके हैं. इस बार कमेटी ने निर्णय लिया है कि वह गंदगी के प्रतीक के रूप में कॉकरोच का पुतला जलाएगी .
उन्होंने कहा कि यह निर्णय सभी सदस्यों ने मिलकर लिया है ताकि एक सकारात्मक संदेश दिया जा सके.उन्होंने कहा, हमारे घर के अंदर की गंदगी हो, घर के बाहर की हो या समाज में फैली हुई गंदगी, हम सबको मिलकर उसे भगाना होगा।
इससे जाएगा सकारात्मक संदेश- अशोक गोयल
विधायक ने कहा कि मुझे लगता है कि इस पहल से एक सकारात्मक संदेश जाएगा और गंदगी को हटाने के लिए लोगों की भागीदारी बढ़ेगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कॉकरोच को सिर्फ गंदगी के प्रतीक के तौर पर चुना गया है।
उन्होंने कहा, हमने तो गंदगी के प्रतीक के रूप में कॉकरोच को चुना है. लेकिन, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो उसी के अनुरूप काम कर रहे हैं, जो अराजक हैं और नक्सल सोच के साथ काम कर रहे हैं. वे देश के संविधान और कानून को नहीं मानते।

