नोएडा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज पथ विक्रेता कर्मकार यूनियन के महामंत्री व सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, सीटू जिला महासचिव रामस्वारथ, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी जिला सचिव रामसागर, जनवादी महिला समिति की जिलाध्यक्ष रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी के नेतृत्व में सैकड़ों वेंडर्स ने थाना सेक्टर-142, नोएडा पर जोरदार प्रदर्शन कर थानाध्यक्ष महोदय को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम शाहदरा, श्मशान घाट चौराहे पर पिछले 20-22 वर्षों से प्रत्येक मंगलवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में 400 से अधिक पथ विक्रेता रोजगार करते हैं, जिससे हजारों स्थानीय निवासियों को सस्ता सामान मिलता है और 400 गरीब परिवारों की रोजी-रोटी चलती है।
दिनांक 16 सितंबर 2026 को चौकी प्रभारी सेक्टर-144 द्वारा फोन चोरी का हवाला देकर इस बाजार को जबरन बंद करा दिया गया था। यूनियन ने कई बार पुलिस से सकारात्मक वार्ता की, पर गांव के 2-3 व्यक्तियों द्वारा, जो बाजार से अवैध उगाही करना चाहते हैं, की झूठी शिकायत के दबाव में बाजार को एक सुनसान, अव्यवहारिक स्थान पर शिफ्ट करने का दबाव बनाया जा रहा था, जहां रोजगार चलना संभव नहीं है।
ज्ञापन में यूनियन ने प्रमुख तर्क रखे:
1. यह कार्रवाई पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण) अधिनियम 2014 की धारा 3(3) का सीधा उल्लंघन है, जिसमें सर्वेक्षण पूर्ण होने तक यथास्थिति (Status Quo) बनाए रखने का आदेश है। जनपद में अभी तक सर्वे नहीं हुआ है। 2. यह उ.प्र. सरकार नियमावली 2017 व माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशों की अवहेलना है। 3. पुलिस का तर्क हास्यास्पद है – पुलिस का काम चोरी रोकना है, रोजगार बंद करना नहीं।
यूनियन द्वारा दिए गए आश्वासन:
(क) सभी दुकानें सीधी लाइन में लगेंगी
(ख) सर्विस रोड पर यातायात बाधित नहीं होगा
(ग) कोई संदिग्ध दिखने पर तुरंत थाने को सूचना दी जाएगी
(घ) बाजार के व्यवस्थित संचालन हेतु 7 सदस्यीय कमेटी – अरविंद पाल (अध्यक्ष – 9668302377), सुधीर, अजीत, उदयवीर, वाहिद, दुर्गेश, श्रवण – पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगी।
आज थानाध्यक्ष महोदय के साथ सभी मुद्दों पर सकारात्मक वार्ता हुई और कुछ शर्तों के साथ बाजार को अपने पूर्व निर्धारित स्थान (श्मशान घाट चौराहा) पर सुचारू रूप से लगाने की स्वीकृति पुलिस द्वारा दे दी गई। जिससे पिछले कई सप्ताह से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।
वेंडर्स नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि बाजार लगने पर सहमति बन जाने के बाद यूनियन ने सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन को स्थगित कर दिया है। यूनियन ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया और मांग की है कि भविष्य में पथ विक्रेताओं का उत्पीड़न बंद किया जाए तथा अवैध उगाही की नीयत रखने वाले 2-3 व्यक्तियों की झूठी शिकायतों पर कार्रवाई न की जाए।

