दिल्ली के कालकाजी मंदिर में शुक्रवार (29 अगस्त 2025) रात को एक सेवादार की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के फत्तेपुर के रहने वाले थे और पिछले 14-15 वर्षों से मंदिर में सेवादार के रूप में कार्यरत थे।
घटना रात 9:00 से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, दर्शन के लिए आए कुछ श्रद्धालुओं ने सेवादार से चुन्नी और प्रसाद की मांग की, जिसे लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि श्रद्धालुओं ने योगेंद्र सिंह पर लाठियों और घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस को रात लगभग 11:30 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी, अतुल पांडे (30 वर्ष, दक्षिणपुरी निवासी) को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। कालकाजी थाने में धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग योगेंद्र को बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं।
मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। योगेंद्र की सादगी और समर्पण के कारण वह मंदिर में आने वाले भक्तों के बीच काफी लोकप्रिय थे। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए प्रयासरत है

