दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई तेज बारिश का असर हवाई सफर पर भी पड़ा है। 14 फ्लाइट्स को डाइवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दोपहर करीब 1:15 बजे तक 150 उड़ानें देरी से चल रही थीं और फिलहाल एयरपोर्ट पर उड़ानों की औसत देरी करीब 27 मिनट है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई है, लेकिन यातायात स्लो हो गया है।
उड़ानों के शेड्यूल पर पड़ा असर
बारिश और खराब मौसम के दौरान कम विजिबिलिटी, रनवे की स्थिति और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट के कारण विमानों की आवाजाही की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। इसका असर उड़ानों के पूरे शेड्यूल पर पड़ता है और देरी बढ़ सकती है।
डाइवर्ट की उड़ानें
दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की वजह से 14 फ्लाइट्स को डाइवर्ट कर दिया गया है। अगर दिल्ली से फ्लाइट है तो एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी एयरलाइन का लाइव फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और सामान्य से थोड़ा ज्यादा समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें।
भारी ट्रैफिक जाम
भारी बारिश की वजह से अशोक नगर मेट्रो स्टेशन, बुराड़ी, सी.आर. पार्क और अलकनंदा जैसे इलाकों में पानी भर गया है। कई जगहों पर जलभराव की वजह से सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। ITO से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी भीषण जाम लगा है।
रेड अलर्ट जारी किया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया और चेतावनी दी कि दिन में और भी भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पूर्व दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

