जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और संसद मार्च के बीच कई ऐसे विजुअल्स आए जिनमें देखा जा सकता है रैपिड एक्शन फोर्स के जवान प्रदर्शनकारियों पर लाठी चला रहे हैं इस बीच दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि वह पेशेवर तरीके से काम कर रही है। दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा- मीडिया के कुछ हिस्सों में जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस द्वारा हिंसा या लोगों को हिरासत में लेने की छिटपुट घटनाओं का ज़िक्र किया गया है।
सोशल मीडिया साइट एक्स पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह सूचित किया जाता है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और विरोध-प्रदर्शन को पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है. सभी से अनुरोध है कि वे किसी भी अफ़वाह या गलतफहमी पर ध्यान न दें और उस जगह व उसके आस-पास शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।
छात्रों ने खत्म किया अनशन
एक निजी चैनल के मुताबिक मौके पर पत्थरबाजी हुई और लाठीचार्ज हुआ। इन सबके बीच विपक्षी सांसदों, नागरिक संगठन के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के एक प्रतिनिधिमंडल की अपील के बाद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के तीन कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर 23 दिनों से जारी अपना अनिश्चितकालीन अनशन सोमवार को समाप्त कर दिया. प्रतिनिधिमंडल ने उनसे आंदोलन को संसद और जन अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन कर रहे आइसा के कार्यकर्ता नेहा, मनीष और आमीन ने सोमवार को अपना 23 दिनों का अनशन समाप्त कर दिया. प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संसद के मानसून सत्र में उठाया जाएगा और उन्हें राजनीतिक तथा जन अभियानों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।

