
पति रहा जेल अब फिर क्या होगा खेल
नालन्दा। नालंदा से चौंकाने वाली एक खबर सामने आई है कि जिस महिला की हत्या के आरोप में पति चार महीने जेल में रहा अब वह महिला जिंदा निकली। मामले में एक और खुलासा हुआ है कि महिला ने दूसरी शादी कर ली और उसका एक पांच वर्ष का बेटा भी है। मामला नालंदा के नगरनौसा थाना क्षेत्र के चौरासी गांव की है जहां अचानक एक विवाहिता महिला गायब हो गई। मामले में महिला के पिता ने महिला के पति और उसके परिजनों पर हत्या कर शव छुपाने का आरोप लगाया।
मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया और अपने अनुसंधान में पुलिस ने भी महिला को मृत घोषित कर दिया। करीब चार महीने जेल में रहने के बाद महिला का पति जेल से जमानत पर बाहर आया। अब अचानक इस मामले में एक नया मोड़ आया है। जिस पुलिस ने महिला को मृत घोषित किया अब उसी पुलिस ने महिला को पूर्णिया के धमदाहा से बरामद कर कोर्ट में प्रस्तुत किया। पुलिस जांच में अब पता चला है कि महिला खुद ही घर से भाग गई थी और वह एक दूसरे युवक के साथ शादी कर ली थी। महिला का दूसरे पति के साथ पांच वर्ष का एक बेटा भी है।
नालंदा के नगरनौसा थाना क्षेत्र के चौरासी गांव निवासी कुंदन कुमार की शादी वर्ष 2015 में पटना के गौड़ीचक थाना इलाके के अंडारी गांव निवासी सुधा के साथ हुई थी। अचानक महिला वर्ष 2018 में घर से गायब हो गई जिसके बाद महिला के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए महिला के पहले पति पर हत्या कर गायब करने का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया तथा अपने अनुसंधान में महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला के पहले पति कुंदन कुमार को जेल में चार महीने रहना पड़ा। पुलिस जब तय समयसीमा में आरोप पत्र कोर्ट में दायर नहीं कर सकी तब कोर्ट ने आरोपी कुंदन को जमानत पर रिहा कर दिया। मामले का ट्रायल हिलसा के सेशन कोर्ट में चल रहा है।
अब नगरनौसा थाना की पुलिस ने कथित मृतिका को पूर्णिया के धमदाहा से बरामद किया है और हिलसा कोर्ट में ही प्रस्तुत किया। हिलसा कोर्ट में महिला का बयान दर्ज करवाने के बाद उसे उसके दूसरे पति के पास भेज दिया गया है। अब मामले में थानाध्यक्ष ने माना है कि केस के अनुसंधानकर्ता अधिकारी से गलती हुई है।