Site icon Thenews15.in

लीची बगान में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के टर्मा स्थित लीची बगान में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खानपुर उर्फ बैद्यनाथपुर गांव निवासी अमित कुमार उर्फ दिनेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए शव को बगान में फेंकने का आरोप लगाया है।

बताया गया कि दिनेश शुक्रवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश में जुटे थे कि शनिवार सुबह टर्मा लीची बगान में स्थानीय लोगों को एक शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने इलाके में बढ़ते अपराध और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Exit mobile version