Site icon Thenews15.in

बेटी ने साजिश रच सगी मां की करवा दी हत्या, नौकरी-प्रॉपर्टी को माना रिश्ते से ऊपर!

जयपुर में बेटी ने की मां की हत्या

 

जयपुर। किसी शायर ने क्या खूब कहा है कि ‘इंसान की हसरत की कोई इम्तिहां नहीं होती।’ जयपुर में शायरी को चरितार्थ करते हुए एक कलयुगी बेटी ने अपनी ही मां को रास्ते से हटाने के लिए इंतहा की हद ही पार कर दी। बेरहम बेटी ने न केवल अपनी ही मां की हत्या की साजिश रची बल्कि हत्या करने वाले को सात लाख रुपए की सुपारी दे दी। किसी को शक ना हो इसके लिए उसने हत्या को एक्सीडेंट का रूप दे डाला। मां की मौत के बाद बेटी ने सुकून से सो गई लेकिन उसके मामा ने उसकी नींद उड़ा दी। मामा ने एक्सीडेंट में हुई मौत पर शक जताया। फिर पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरी करतूत सामने आ गई।

 

4 जुलाई को करवाया एक्सीडेंट

 

जयपुर के प्रताप नगर इलाके में 4 जुलाई एक एक्सीडेंट हुआ। स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे चल रही महिला नीरज शर्मा को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। मौत के बाद नीरज शर्मा की बेटी ने अपने मामा राकेश को कॉल करके हादसे की सूचना देते हुए कहा कि मां की मृत्यु हो गई है। पुलिस ने जब एक्सीडेंट के इस मामले की जांच की तो दूसरी ही कहानी सामने आई।

मामा ने बेटी पर जताया शक

 

नीरज शर्मा की मौत के बाद उसके भाई राकेश शर्मा ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी बहन नीरज शर्मा अपने स्पेशल चाइल्ड और बेटी के साथ प्रताप नगर में रहती थी। बहन नीरज शर्मा को पिछले कुछ महीनों से उसकी बेटी आयुषी और उसके ताऊ परेशान करते थे। बार बार उसे मारने की धमकियां देते थे और घर में उसे टॉर्चर करते थे। राकेश ने भांजी आयुषी पर शक जताते हुए कहा कि शायद उसने ही अपनी मां नीरज की हत्या एक्सीडेंट में करवाई है।

 

जांच की तो हैरान रह गई पुलिस

 

पुलिस ने जब एक्सीडेंट के मामले की गहनता से जांच की तो कई एंगल सामने आए। आसपास के सीसीटीवी फुटेज जुटाने से पता चला कि स्कॉर्पियो चालक ने तेज गति से गाड़ी दौड़ा कर नीरज शर्मा को टक्कर मारी। नीरज शर्मा सड़क किनारे चल रही थी, इसके बावजूद जिस हालात में उसे टक्कर लगी, उससे साफ लग रहा था कि यह टक्कर जानबूझकर मारी गई है। आसपास के लोगों से भी हादसे के बारे में जानकारी ली तो लोगों ने कहा कि चालक ने जानबूझकर स्कॉर्पियो को तेजी से दौड़ाया और टक्कर मार दी। पुलिस ने स्कॉर्पियो के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरी कहानी सामने आ गई।

 

बेटी ने दी मां की हत्या की सुपारी

 

नीरज शर्मा की बेटी आयुषी ने अरविंद शर्मा, रोहित जाटव और हेमंत शर्मा को 7 लाख रुपए में मां की हत्या की सुपारी दी। अरविंद ने आकाश और मोहित को भी साथ में लिया। मोहित लगातार रेकी करता रहा ताकि जब भी नीरज शर्मा घर से बाहर निकले तो उसे स्कॉर्पियो से टक्कर मारी जा सके। घटना के दिन आकाश स्कॉर्पियो चला रहा था और अरविंद बगल में बैठा था। अन्य बदमाश मोहन स्वरूप भी इस पूरे घटनाक्रम में शामिल था।

 

बेटी सहित 7 गिरफ्तार, ताऊ फरार

 

डीसीपी रंजीता शर्मा ने बताया कि नीरज शर्मा की हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका की बेटी आयुषी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित शर्मा, आकाश शर्मा, अरविंद शर्मा, हेमंत शर्मा, रोहित जाटव और मोहन स्वरूप शर्मा शामिल हैं। आयुषी का परिवार भी मूलरूप से भरतपुर का रहने वाला है और सभी आरोपी भी भरतपुर के रहने वाले हैं। हत्या की साजिश में आरुषी का ताऊ बलराम उर्फ रवि भी शामिल है लेकिन फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।

 

सरकारी नौकरी के लिए रचा पूरा कांड

 

एडिशनल डीसीपी आलोक सिंघल ने बताया कि 24 वर्षीय आयुषी ने सरकारी नौकरी पाने और अपने परिवार की पूरी संपत्ति हड़पने के लिए हत्याकांड की साजिश रची। आयुषी के पिता विजय शंकर हाईकोर्ट में एलडीसी थे। कुछ वर्ष पूर्व उनका निधन हो गया तो आयुषी की मां नीरज शर्मा को अनुकंपा नियुक्ति मिल गई। अपनी मां की मौत के बाद आयुषी अनुकंपा नियुक्ति के रूप में सरकारी नौकरी पाना चाहती थी। ऐसे में उसने अपनी मां की हत्या की साजिश रची। एक्सीडेंट में हत्या कराने में कामयाब भी रही लेकिन बाद में उसकी सारी करतूत सामने आ गई।

Exit mobile version