Site icon Thenews15.in

सीटू ने 1 से 3 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली और संसद मार्च को सफल बनाने की अपील

गौतम बुद्ध नगर। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर द्वारा 1 से 3 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली मजदूर रैली एवं संसद मार्च को सफल बनाने के लिए जिले में व्यापक जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के विभिन्न स्थानों पर पर्चा वितरण किया गया। इस दौरान जन नाट्य मंच के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मजदूरों और आम नागरिकों को महंगाई, बेरोजगारी, मजदूरों के अधिकारों पर हो रहे हमलों तथा श्रम कानूनों से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया और दिल्ली कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों, चारों श्रम संहिताओं, बढ़ती महंगाई और निजीकरण के खिलाफ मजदूरों को एकजुट होकर संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने कहा कि चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने, 29 पुराने श्रम कानूनों को समाप्त करने के बजाय 44 श्रम कानूनों को बहाल करने, न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये लागू करने, ठेका प्रथा समाप्त करने तथा सभी कामगारों को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने जैसी मांगों को लेकर यह आंदोलन महत्वपूर्ण है।
उन्होंने जिले के मजदूरों, कर्मचारियों, मेहनतकशों और आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में 1 से 3 दिसंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान पहुंचकर रैली एवं संसद मार्च को सफल बनाएं। नुक्कड़ सभाओं को सीटू नेता राम स्वारथ, भरत डेंजर, पारस गुप्ता, शंभू, मुकेश कुमार राघव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया।

Exit mobile version