बिहार में वोट क्रांति की जरूरत : तुषार गांधी
वोट चोरी का प्रतिकार करें बिहार के नागरिक : बी आर पाटिल
बिहार में गोडसे की विचारधारा को हराना जरूरी : डॉ सुनीलम
‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार’ अभियान के तहत बिहार के 26 जिलों में निकाली गई यात्रा के 28 वें दिन महात्मा गांधी के प्रपौत्र और ‘हम भारत के लोग’ के राष्ट्रीय संयोजक तुषार गांधी ने दरभंगा में होटल गार्सिया इंटरनेशनल में प्रेस कॉन्फ्रेंस, क्योंटी में राजद प्रत्याशी डॉ फराज फातमी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, बलुआ, सीतामढ़ी में राजद प्रत्याशी सुनील कुशवाह के
चुनाव कार्यालय का उद्घाटन और सीतामढ़ी में कांग्रेस कार्यालय में जनसंवाद और प्रेसवार्ता आदि कार्यक्रमों में हिस्सेदारी की।
दरभंगा और सीतामढ़ी में प्रेस वार्ताओं को संबोधित करते हुए तुषार गांधी ने कहा कि गांधी जी कहते थे गुजरात मेरी जन्मभूमि है और बिहार कर्मभूमि।
तुषार गांधी ने कहा कि मैं भी यही मानता हूं, मैं उसी रिश्ते को बिहार के साथ रखना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि बिहार को वोट क्रांति की जरूरत है। बिहार ने आजादी के आंदोलन में और जे पी आंदोलन का नेतृत्व किया है।
कर्नाटक विधानसभा के योजना आयोग के उपाध्यक्ष और कांग्रेस विधायक बी आर पाटिल ने कहा कि भाजपा ने देश में सत्ता पाने का नया तरीका वोट चोरी निकाला है।
उन्होंने बिहार के मतदाताओं को वोट चोरी रोकने के लिए जागृत रहने और सावधान रहने की नसीहत दी।
उन्होंने कहा कि यहां गरीबी और बेरोजगारी की पराकाष्ठा है ।
बी आर पाटिल ने बताया कि कर्नाटक में कांग्रेस ने जो वायदा किया है वह कर्नाटक में सरकार बनने पर पूरा किया है ।
उन्होंने बिहार के मतदाताओं से अपील की कि नई सरकार बनाइए और बिहार में नई रोशनी लाइए।
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ सुनीलम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर में किसानों का आंदोलन चला, 380 दिनों तक दिल्ली की सीमाओं पर किसानों का आंदोलन चला जिसमें 750 किसान शहीद हुए लेकिन नीतीश जी मौन रहे। देश भर में मंडी व्यवस्था को मजबूती देने की बात चली लेकिन उन्होंने मंडी व्यवस्था बहाल नही की।
उन्होंने कहा कि बिहार में विचारधारा का संघर्ष है। एक तरफ गांधी, जयप्रकाश, लोहिया, कर्पूरी ठाकुर, लालू जी और तेजस्वी यादव की विचारधारा है, दूसरी तरफ गोड़से की विचारधारा है ।
डॉ सुनीलम ने कहा कि गांधी के हत्यारों को हराने की जरूरत है।
राजद उम्मीदवार सुनील कुमार कुशवाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तुषार गांधी में गांधी जी का डीएनए है। हमारे भीतर भी गांधी जी के विचारों का डीएनए है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो क्षेत्र के विकास के लिए मैं कार्य करूंगा तथा हर सुख-दुख में खड़ा रहने का आश्वासन देता हूं।
उन्होंने कहा कि हम गांधी जी के विचारों को बचाना और स्थापित करना चाहते हैं।
राजद कार्यालय का उद्घाटन करते हुए पूर्व सांसद मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने कहा कि नीतीश कुमार के 20 साल के कुशासन का अंत होने जा रहा है। महागठबंधन की सरकार बनने के बाद बिहार की बेरोजगारी, पलायन, बाढ़, सुखाड़, शिक्षा, स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का हल होगा।
‘बदलो बिहार, बनाओ नई सरकार अभियान के संयोजक शाहिद कमाल ने कहा कि बिहार में 25 जन संगठनों ने जुड़कर इस अभियान की शुरुआत की थी। हम किसी पार्टी के सदस्य नहीं है लेकिन हम नागरिकों की समस्याओं को हल करने के लिए सरकार बदलना चाहते हैं।
यात्रा में शाहिद कमाल, भारत जोड़ो अभियान, झारखंड से राष्ट्रीय टीम सचिव प्रवीर पीटर और किसान एकता मंच के अध्यक्ष उमेश शर्मा, मध्य प्रदेश किसान नेता निसार आलम आदि शामिल हुए।

