उत्तर प्रदेश स्थित कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने महिला पहलवानों द्वारा दायर किए गए यौन शोषण के मामले से बरी होने के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर निशाना साधा। एक निजी चैनल से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता ने कहा कि यह सारी साजिश कांग्रेस और भूपिंदर सिंह हुड्डा की थी।
विपक्षी पार्टियों को लेकर सिंह ने कहा कि इनकी विश्वसनीयता जनता के भीतर खत्म हो गई है। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि बीते कुछ समय से देख रहा हूं कि विपक्षी दल किसी के पीछे आकर आंदोलन करते हैं।
मेरा कोई नुकसान नहीं हुआ- बृजभूषण शरण सिंह
यह लोग महिला पहलवानों के पीछे खड़े हो गए हैं। महिला पहलवानों को कांग्रेस और भूपिंदर सिंह हुड्डा लाए थे. उन्होंने कहा कि एथलीट्स के लिए मेरी यह सलाह है कि वह मेहनत करें और पदक ले कर आएं. मेरा तो जो होना था हो गया. मेरा कोई नुकसान नहीं हुआ।
दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को महिला पहलवानों द्वारा दायर यौन उत्पीड़न के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी कर दिया। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) अश्विनी पंवार ने यह फैसला सुनाया. अदालत के विस्तृत आदेश का अभी इंतजार है. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था।

