समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नजर आए मूंछ वाले चाचा इन दिनों चर्चा में हैं। बड़ी-बड़ी मूंछों वाले 75 वर्षीय जगदीश यादव को अखिलेश यादव ने लखनऊ बुलाया। उन्हें अपने साथ बैठाया और फिर उनकी मूंछों पर ताव भी दिलवाया। अखिलेश यादव ने जगदीश यादव की मूंछों की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसी मूंछों पर ताव देना अच्छा लगता है। इतना ही नहीं, उन्होंने मूंछों की देखभाल के लिए जगदीश यादव को रुपये भी दिए।
55 साल से रख रहे हैं मूंछ
ललितपुर के बघौरा गांव के रहने वाले जगदीश यादव को मूंछें रखने का शौक करीब 20 साल की उम्र से है। वह पिछले 55 साल से मूंछें रख रहे हैं. समय के साथ उनकी मूंछें उनकी पहचान बन गईं। जगदीश यादव बताते हैं कि उन्हें हमेशा से बड़ी मूंछें रखने का शौक रहा है। चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े जगदीश यादव के दो बेटे और एक बेटी हैं।
तीन बार रह चुके हैं ग्राम प्रधान
जगदीश यादव सिर्फ अपनी मूंछों के लिए ही नहीं, बल्कि गांव की राजनीति में भी पहचान रखते हैं। वह बघौरा ग्राम पंचायत के तीन बार प्रधान रह चुके हैं। उन्होंने 1995 से 2000, 2000 से 2005 और 2005 से 2010 तक प्रधान पद संभाला. उनके पिता रामनाथ यादव भी आजादी के बाद करीब 40 साल तक गांव के प्रधान रहे थे। जगदीश यादव समाजवादी पार्टी की स्थापना के समय यानी 1992 से ही पार्टी से जुड़े हुए हैं. राजनीति के साथ वह खेती-किसानी भी करते हैं।
अखिलेश ने क्यों दिलवाया मूंछों पर ताव?
जगदीश यादव की चर्चा उस समय और बढ़ गई जब अखिलेश यादव ने उनकी तस्वीर X पर पोस्ट की. यह पोस्ट मैनपुरी के डिप्टी एसपी अशोक सिंह के मूंछों पर ताव वाले वीडियो के बाद सामने आई थी. 31 अगस्त को अशोक सिंह का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह मूंछों पर ताव देते नजर आए थे. इसके बाद अखिलेश यादव ने जगदीश यादव की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था उसकी मूंछें बहुत छोटी थीं।

