उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारी तेज कर दी है। ज़मीनी स्तर पर पार्टी को लेकर आम लोगों का फीड जुटाया जा रहा है। इसी क्रम में यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने सह प्रभारियों को प्रदेशभर में जिम्मेदारी सौंप दी है. जो अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और संघ परिवार के संगठनों के जरिए चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। बीजेपी महामंत्री और प्रभारी विनोद तावड़े दो दिन के प्रवास पर लखनऊ पहुंचे है, जहां उन्होंने 2027 की चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की. इस दौरान विधान परिषद चुनाव और पार्टी संगठन से जुड़े तमाम मुद्दों को लेकर मंथन किया गया और आगे चुनावी रणनीति बनाई गई।
मिशन 2027 को लेकर बीजेपी का मंथन
विनोद तावड़े ने सभी सह प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होने के निर्देश दिए और ज़मीन स्तर पर पार्टी का फीडबैक जुटाकर उन्हें सौंपने को कहा है। ये सभी अपने आवंटित क्षेत्रों में प्रवास कर संगठन की स्थिति का आंकलन करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर ज़मीन पर पार्टी की स्थिति, संगठन की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर जानकारी इकट्ठा करेंगे।
भाजपा ने ब्रज क्षेत्र में अभय गिरि को संगठन की जिम्मेदारी भी सौंपी है। पार्टी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन और चुनावी अभियान के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाए. बीजेपी की ये पूरी तैयारी आगामी चुनाव को लेकर है. बीजेपी ने इस बार यूपी में हैट्रिक मारने का दावा किया है।

