Sandeep Pathak News: संदीप पाठक ने अपने ऊपर दर्ज FIR की डिटेल मांगी है कि ये बताया जाए कि उनके खिलाफ क्या FIR दर्ज हुई है और कहां हुई है। पंजाब सरकार ने इसके लिए वक्त मांगा है। आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले राज्यसभा सांसद संदीप पाठक को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने पंजाब सरकार को आदेश दिया है सोमवार तक बिना इस अदालत की इजाजत के कोई सख्त कदम संदीप पाठक के खिलाफ न उठाया जाए।
संदीप पाठक ने अपने ऊपर दर्ज FIR की डिटेल मांगी है कि ये बताया जाए कि उनके खिलाफ क्या FIR दर्ज हुई है और कहां हुई है। राज्य सरकार ने इसके लिए सोमवार तक का वक्त मांगा है। सोमवार तक सरकार कोर्ट को बताएगी कि FIR दर्ज है या नहीं. सोमवार तक पाठक के खिलाफ कोई एक्शन नहीं होगा।
संदीप पाठक कब हुए बीजेपी में शामिल?
संदीप पाठक आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने के बाद 24 अप्रैल 2026 को बीजेपी में शामिल हो गए थे। वो राघव चड्ढा, अशोक मित्तल के साथ बीजेपी के दफ्तर में पहुंचे थे। इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उन्हें मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया था। इससे पहले राघव चड्ढा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई से अधिक सांसदों ने बीजेपी में विलय कर लिया।
आम आदमी पार्टी से बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, क्रिकेटर हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रम साहनी और स्वाति मालीवाल भी शामिल हैं।
कौन हैं संदीप पाठक?
संदीप पाठक को AAP के सबसे भरोसेमंद और रणनीतिक नेताओं में गिना जाता था। वह अप्रैल 2022 से पंजाब से राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं। पार्टी के संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में उनकी अहम भूमिका मानी जाती थी। खासकर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें एक प्रमुख रणनीतिकार के तौर पर देखा गया था, जिसमें आप को बड़ी जीत मिली थी। संदीप पाठक आप के पहले महासचिव बने थे। अब वो बीजेपी में शामिल हो गए हैं. पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं।

