उत्तर प्रदेश के बागपत में एक ही दिन में दो सगे भाईयों की मौत हो गई, जिसने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया। पहले खेत में काम कर रहे छोटे भाई को सांप ने काट लिया, जिससे कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। ये ख़बर जब बड़े भाई को लगी तो उन्हें भी गहरा सदमा लगा और हार्ट अटैक आ गया जिससे उनकी भी मौत हो गई। ये घटना बागपत के रमाला थाना क्षेत्र स्थित किरठल गांव की है। मंगलवार को यहां रहने वाले 72 साल के किसान ओमपाल सिंह खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान नाली में पानी का रिसाव होने लगा, जिसके बाद वो उसे पैर से ही ठीक करने की कोशिश कर लगे, तभी उनके पैर को जहरीला सांप ने डस लिया।
छोटे भाई को खेत में सांप ने काटा
सांप के जहर का असर इतना तेज था कि उनके शरीर में कुछ ही पलों में लकवे जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। परिवार के लोग आनन-फ़ानन में उन्हें इलाज के लिए बड़ौत ले गए लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी, ज़हर पूरे शरीर में फैल गया था और उनकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
छोटे भाई की मौत से बड़े भाई को लगा सदमा
ओमपाल सिंह की मौत की खबर मेरठ में रहने वाले उनके बड़े भाई राजपाल सिंह को लगी तो उनकी भी सेहत बिगड़ने लगी। छोटे भाई की मौत की ख़बर से बड़े भाई को इतना गहरा सदमा लगा कि उन्हें भी हार्ट अटैक आ गया, जिसके बाद परिवार वाले उन्हें भी अस्पताल ले गए लेकिन, उन्होंने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
इस तरह एक ही दिन में दो सगे भाइयों की मौत ने दोनों परिवारों को हिला डाला, जिससे बाद परिवारों पर दुखों का क़हर टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। किरठल गांव के लोग इस दोहरी मौत से हैरान है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। हर कोई एक साथ दो भाईयों के इस दुनिया से चले जाने की चर्चा कर रहा है।
इस घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह भी शोक संतप्त परिजनों से मिलने पहुँच गए। उनके अलावा डॉ. यशपाल सिंह, कवि विनीत चौहान, अशोक चौहान, विजय चौहान, ओमपाल पटवारी, सुरेंद्र पाल फौजी सहित क्षेत्र के लोगों ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

