Site icon Thenews15.in

‘थेथर हैं अरविंद केजरीवाल’, दिल्ली के सीएम पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का तीखा प्रहार

दीपक तिवारी

बेगूसराय/पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो दो दिन बाद इस्तीफा दे देंगे। इस पर गिरिराज सिंह ने कहा कि केजरीवाल भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं और इमोशनल ड्रामा कर रहे हैं। हरियाणा और दिल्ली में इमोशनल ड्रामा करके लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को जमानत मिलने पर वो उसे अपनी जीत बता रहे हैं, जबकि कोर्ट ने उन्हें कोई भी फैसला लेने से मना किया है। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल थेथर (मुंहजोर) हैं, भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए हैं। वो हरियाणा में फिर जाकर इमोशनल गेम खेलेंगे और दिल्ली में भी इमोशनल गेम खेलेंगे। थेथरलोजी इतना है, उनको जमानत मिला है और वो कह रहे हैं मेरी जीत है। जो कोर्ट ने लिखा है, उसमें कहा गया है आप कोई डिसीजन नहीं ले सकते हैं। वो लोग को भ्रम में डालेंगे। हरियाणा से भी मुख्यमंत्री बनेंगे। दिल्ली से भी। ये भ्रम पैदा करने के लिए देश में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे।’
उन्होंने आगे कहा, ‘पूरी सरकार भ्रष्टाचार में है। मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री सारे भ्रष्टाचार के दलदल में डूबे हुए लेकिन इतने थेथर हैं, जेल से निकलते हैं लगता है कि कोई राष्ट्र के लिए निर्माण के लिए गए थे।’
गिरिराज सिंह ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को समझ आ गया है कि अब बंगाल की जनता उन्हें मौका नहीं देगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सिर्फ मुस्लिम, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं। डॉक्टर बेटियां बंगाल की अस्मिता के लिए लड़ाई लड़ रही है। डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए अमन-चैन की मांग की जा रही है। ममता बनर्जी अंदर से उनको लग गया है कि अब बंगाल की जनता हमें मौका नहीं देने वाली है क्योंकि वो तो सिर्फ मुस्लिम परस्त राजनीति, भ्रष्टाचार परस्त राजनीतिक और आय्यशी परस्त राजनीति के ठेकेदार बन कर रह गईं हैं।
तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की जदयू-बीजेपी सरकार को ‘राक्षस राज’ कहे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव अनर्गल बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अपने पिता की विरासत पर हैं और नीतीश कुमार पर परिवारवाद का आरोप नहीं लगा सकते क्योंकि उन्होंने अपने बेटे को कभी राजनीति में नहीं घसीटा।

Exit mobile version