नेपाल की भयानक बाढ़ के को लेकर उत्तर प्रदेश में अलर्ट है। इस बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश भी जारी किए हैं। सीएम योगी ने भीषण बाढ़ से हुई क्षति को चिंताजनक बताया है।
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज और कुशीनगर में गंडक एवं नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि तथा बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन को पूर्ण सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
तिब्बती इलाके में आई बाढ़ से तबाही
नेपाल में बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है, पानी का उफान अब शहरों और गांवों तक पहुंच गया है. तिब्बती इलाके से आई बाढ़ में कहीं पुल पानी में बह गया, तो कहीं सड़कें सैलाब में समा गईं, कहीं कारें और ट्रक पानी के तेज बहाव में बहते नजर आए। उधर अब नेपाल सरकार ने भारत और चीन से मदद मांगी है। सरकारी प्रवक्ता सस्मित पोखरेल के मुताबिक दोनों देशों से मदद के लिए तालमेल बैठाया जा रहा है.उधर नेपाली सेना ने नदी के बहाव वाले जिलों में अलर्ट जारी किया है। उधर एक सूचना के मुताबिक 100 से अधिक भारतीय पर्यटकों के लापता होने की भी सूचना है।
बिहार के कई जिलों में अलर्ट
नेपाल में आई भयंकर बाढ़ को लेकर बिहार में अलर्ट जारी किया गया है। मुख्य सचिव ने हाई लेवल मीटिंग रखकर नेपाल नदियों की सीमा से सटे इलाकों में सतर्कता के निर्देश दिए हैं. जिसमें बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए. इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर समेत कई जिलों में लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है. स्थानीय अधिकारियों को हर परिस्थिति में तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

