भारतीय वायुसेना (IAF) के एक सेवारत अधिकारी को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंट के हनी ट्रैप में फंसने के बाद कथित तौर पर सैन्य जानकारी साझा करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार (8 अगस्त 2026) को यह जानकारी दी और कहा कि भारतीय वायुसेना की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि पाकिस्तानी महिला एजेंट ने आरोपी अधिकारी को सोशल मीडिया के जरिये अपने जाल में फंसाया था।
कब हुई IAF अधिकारी की गिरफ्तारी
पुलिस ने एक बयान में कहा कि अधिकारी के खिलाफ ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे 30 मई को गिरफ्तार किया गया। जांच पूरी होने के बाद 30 जुलाई को कोर्ट में आरोपपत्र दाखिल किया गया. बयान में कहा गया, ‘भारतीय वायुसेना के प्राधिकारियों की शिकायत के आधार पर वायुसेना के एक सेवारत अधिकारी को एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के हनी ट्रैप में फंसने के आरोप में 30 मई को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अधिकारी ने कथित तौर पर सैन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी साझा की थी. यह जांच जासूसी के एक संदिग्ध नेटवर्क से जुड़ी है, जिसमें आरोपी अधिकारी से सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला ने कथित तौर पर संपर्क किया था. सूत्रों के अनुसार, महिला ने अधिकारी से संपर्क स्थापित करने के बाद वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों से उससे बातचीत की. उन्होंने बताया कि संदेह है कि महिला पाकिस्तान में मौजूद खुफिया एजेंटों के निर्देश पर काम कर रही थी।
संवेदनशील जानकारी भी शेयर की गई
दिल्ली पुलिस को शक है कि यह मामला केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है और वह भारतीय सेना और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित जानकारी पाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है. महिला ने पहले अधिकारी का विश्वास जीता और फिर सैन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी मांगने लगी. आरोप है कि अधिकारी ने महिला के साथ मिलिट्री यूनिट की आवाजाही और तैनाती के साथ-साथ अन्य संवेदनशील जानकारी भी शेयर की. यह भी आरोप है कि अधिकारी ने महिला को डिजिटल माध्यमों से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और डेटा भेजे थे।
महिला ने चली ये चाल
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कितनी संवेदनशील जानकारी लीक हुई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। पुलिस ने बताया कि महिला ने कथित तौर पर विंग कमांडर से अपने सहकर्मी के मोबाइल फोन पर एक ऐप इंस्टॉल करने के लिए कहा था।
जांच एजेंसियों को शक है कि यह ऐप स्पाइवेयर या रिमोट-एक्सेस मैलवेयर हो सकता है. इस तरह के सॉफ्टवेयर का उपयोग मोबाइल डेटा चुराने, लोकेशन ट्रैक करने या बातचीत तक पहुंच प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है।

