मथुरा। बाल कथावाचक अभिनव अरोड़ा की कार का यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। अचानक उनकी कार में आग लग गई। कार में अभिनव अरोड़ा समेत उनका पूरा परिवार था। आग लगते ही तुरंत अभिनव अरोड़ा और उनका परिवार कार से बाहर निकल आया। अभिनव अरोड़ा परिवार के साथ वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे।
मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। घटना की जानकारी होते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दिल्ली के रहने वाले तरुण राज, पत्नी ज्योति, पुत्र अभिनव अरोड़ा और मन्नत अरोड़ा के साथ अपनी डस्टर कार से वृंदावन से दिल्ली लौट रहे थे। अचानक उनकी कार में आग लग गई। आग की लपटें उठतीं देख कार से सभी लोग बाहर निकल आए।
दूसरे वाहन से दिल्ली रवाना
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। हालांकि, तब तक कार काफी ज्यादा जल चुकी थी। पुलिस ने दूसरे वाहन से पूरे परिवार को दिल्ली रवाना किया। बताया जा रहा है कि कार में आग लगने का कारण तकनीकी हो सकता है।
कौन हैं अभिनव अरोड़ा
अभिनव अरोड़ा दिल्ली के रहने वाले हैं। उनके पिता तरुण राज अरोड़ा एक बिजनेसमैन हैं और टेडएक्स स्पीकर हैं। अभिनव खुद को भगवान श्रीकृष्ण का बड़ा भाई बताते हैं। कई पॉडकॉस्टर में अभिनव दावा करते रहे हैं कि वह भगवान श्रीकृष्ण को अपने छोटे भाई के रूप में पूजते हैं।

