नोएडा। दीदी की रसोई ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती रितु सिन्हा एवं श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में आज शिव नगरी, सेक्टर-17 नोएडा मजदूर बस्ती की दर्जनों महिलाओं एवं नागरिकों ने सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम, नोएडा श्री प्रदीप कुमार से उनके सेक्टर-6 स्थित कार्यालय पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं पुलिस कमिश्नर, गौतमबुद्ध नगर को संबोधित ज्ञापन एसीपी महोदय को सौंपा तथा क्षेत्र की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि सेक्टर 16, 17 एवं 18 की झुग्गी-झोपड़ी बस्तियों में खुलेआम गांजा, अवैध शराब, सट्टा तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं। इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है तथा महिलाओं, बच्चों एवं गरीब परिवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
दीदी की रसोई ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती रितु सिन्हा ने कहा कि उनकी संस्था वर्षों से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए शिक्षा, भोजन और सामाजिक कल्याण के कार्य कर रही है। लेकिन इन अवैध कार्यों के कारण युवा पीढ़ी नशे और गलत रास्तों की ओर बढ़ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय थाना एवं चौकी स्तर पर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस एवं स्थायी कार्रवाई नहीं हो सकी है। लगातार शिकायतों के बावजूद अवैध गतिविधियाँ जारी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय और निराशा का माहौल है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से तत्काल जांच करवाकर सेक्टर 16, 17 एवं 18 की झुग्गी बस्तियों में चल रही सभी अवैध गतिविधियों को बंद कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। सहायक पुलिस आयुक्त श्री प्रदीप कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित एवं त्वरित कार्रवाई की जाएगी। श्रीमती रितु सिन्हा ने कहा कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के गरीब परिवारों, महिलाओं एवं बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सकेगा तथा समाज में सकारात्मक वातावरण स्थापित होगा।

