ऑफिस जाते और लौटते समय कुछ देर के लिए रैपिडो चलाकर पेट्रोल का पैसा निकाल लेना भी अपने आप में बड़ी बात है। क्योंकि अक्सर लोग ऑफिस के काम से होने वाली थकान के बाद सीधा घर जाना ही पसंद करते हैं। मगर इंटरनेट पर वायरल एक रेडिट पोस्ट में बंदे ने बताया है कि कैसे उसने पार्ट-टाइम काम से कमाई को मुमकिन बनाया है। बंदे का कहना है कि उसे सिर्फ 10 मिनट ज्यादा देना पड़ा।
रेडिट पोस्ट में r/Frugal_Ind के पेज पर अपनी कहानी लिखते हुए बंदा बताता है कि जब भी वो बाहर जाता है, तो बस 10 मिनट पहले निकलकर अपना ‘रैपिडो कैप्टन’ ऐप चालू कर देता हैं। सुबह ऑफिस जाते समय और घर लौटते समय दिन-भर में वो लगभग 80 से 100 रुपये तक कमा लेता है। इससे उसके पेट्रोल का खर्च निकल जाता है। सिर्फ यही नहीं, बल्कि उसकी सेविंग भीहो जाती है।
रेडिटर u/Pseudo_inteellectual पोस्ट में बताता है कि उसके पार्ट-टाइम रैपिडो चलाने से पेट्रोल का खर्च तो निकलता ही है। साथ ही, वह 1000 से 1500 रुपये की बचत भी कर लेता है। बंदा बताता है कि जब उसने साइकिल छोड़कर बाइक खरीदी तो उसे हमेशा परेशानी रहती थी कि अब उसके पेट्रोल का पैसा कैसे निकलेगा? मगर अब उसे खुशी है कि उसे इस समस्या का हल मिल गया।
अपने पोस्ट के अंत में रेडिटर लिखता है कि ‘मैं इसे यहां इसलिए शेयर कर रहा हूं, ताकि शायद किसी और के भी काम आ सके।’ बताते चलें कि सितंबर महीने में बंदे ने 67 राइड उठाई, जिससे उसकी कमाई 3 हजार 161 रुपये के करीब हुई। वहीं अक्टूबर में अब तक सिर्फ 41 राइड से बंदा 2 हजार 211 रुपये कमा चुका है! इस तरह बीते 2 महीनों में बंदे की रैपिडो से 5 हजार के ऊपर पार्ट टाइम इनकम हुई है!

