Site icon Thenews15.in

A Major Victory for the Kisan Sabha’s Struggle : ग्रेटर नोएडा में किसान कोटा के प्लॉटों की ऊंचाई 11 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी

64.7% अतिरिक्त मुआवजे के वितरण के फैसले के बाद किसान सभा को एक और बड़ी सफलता

 

ग्रेटर नोएडा। किसान सभा के लंबे संघर्ष और प्रयासों के परिणामस्वरूप ग्रेटर नोएडा में किसान कोटा के प्लॉटों पर निर्माण की अधिकतम ऊंचाई 11 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर करने के प्रस्ताव को आज कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। इससे क्षेत्र के किसानों को अपने किसान कोटा के प्लॉटों पर अधिक ऊंचाई तक निर्माण करने की सुविधा मिलेगी। इससे प्लॉटों के बाजार मूल्य में वृद्धि होगी और किसानों को आर्थिक रूप से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

किसान सभा ने वर्ष 2023 में 124 दिन तक चले ऐतिहासिक आंदोलन के दौरान किसान कोटा के प्लॉटों की ऊंचाई 11 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर करने की मांग प्रमुखता से उठाई थी। आंदोलन के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस मांग को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया था। आंदोलन के तुरंत बाद प्राधिकरण ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा था, जिस पर आज कैबिनेट की मुहर लग गई है।

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि यह किसान सभा के साथियों की मेहनत, एकजुटता और निरंतर संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि किसान सभा द्वारा उठाए गए मुद्दे एक-एक करके हल होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अभी तीन दिन पहले लंबे समय से लंबित 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे के वितरण का फैसला हुआ और आज किसान कोटा के प्लॉटों की ऊंचाई बढ़ाने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिली है। ये दोनों मामले वर्ष 2023 से लंबित थे और प्राधिकरण ने आंदोलन के दौरान इन्हें पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया था।

किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने इसे किसानों के निरंतर संघर्ष की जीत बताते हुए कहा कि किसान सभा किसानों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने ऐलान किया कि 21 अक्टूबर को यमुना प्राधिकरण पर होने वाला आंदोलन किसानों के 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट, आबादियों के निस्तारण और नए भूमि अधिग्रहण कानून को लागू कराने की मांगों को लेकर निर्णायक आंदोलन होगा।

उन्होंने कहा कि किसान सभा आंदोलन की तैयारियों में जुटी हुई है और जब तक किसानों की लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

Exit mobile version