दिल्ली में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-148AE पर 6 लेन की सुरंग सड़क बनाने को मंजूरी दे दी है। यह नया कॉरिडोर द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगा। करीब 8.1 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 6,969.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार का कहना है कि इससे दिल्ली में सफर पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है। द्वारका, गुरुग्राम, आईजीआई एयरपोर्ट और पश्चिमी दिल्ली से वसंत कुंज, छतरपुर और दक्षिणी दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी. यह नया कॉरिडोर अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) और द्वारका एक्सप्रेसवे को भी सीधे जोड़ेगा, जिससे पूरे इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
आधुनिक तकनीक से बनेगी सुरंग
एनएचएआई एम्स से महिपालपुर तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना पर भी काम कर रहा है. इसे नई टनल और बारापुला एलिवेटेड रोड से जोड़ा जाएगा। इसके बाद पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली का संपर्क पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से भी ज्यादा बेहतर हो जाएगा। वहीं नेल्सन मंडेला मार्ग और महिपालपुर-छतरपुर रोड के चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए करीब 1.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी. इसके साथ नया फ्लाईओवर और दाएं मुड़ने वाले वाहनों के लिए एलिवेटेड यू-टर्न भी तैयार किया जाएगा।

