पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं, चुनाव के लिए प्रचार का दौर भी रफ्तार पकड़ रहा है। पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 31 अगस्त को होना है। छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान ISO का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला है, छात्रों ने गोरिल्ला की ड्रेस पहन कर प्रदर्शन किया है। जानकारी के मुताबिक, ISO के वाइस प्रेसिडेंट पद के प्रत्याशी विपुल भारती के समर्थन में छात्रों ने ‘गोरिल्ला’ बनकर प्रचार किया। गर्ल्स हॉस्टल में प्रचार के दौरान प्रत्याशी के साथ पहुंचे छात्रों ने गोरिल्ला की ड्रेस पहने युवक के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान छात्रों ने बैनर और पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए प्रचार किया।
बंदरों के आतंक के चलते अनोखा प्रदर्शन
छात्रों के मुताबिक, कैंपस में बंदरों की बढ़ती समस्या को लेकर यह अनोखा प्रचार कर तरीका अपनाया गया ताकि छात्रों का ध्यान इस समस्या की ओर खींचा जाए, वहीं, ISO के वाइस प्रेसिडेंट पद के प्रत्याशी विपुल भारती का कहना है कि कैंपस में करीब 800 से 1000 बंदर हॉस्टल से सामान ले जाते हैं और छात्रों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं।
बंदरों की समस्या का स्थायी की मांग
वहीं छात्रों का कहना है कि बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। इसी मुद्दे को चुनाव प्रचार में प्रमुखता से उठाते हुए ‘गोरिल्ला कैंपेन’ के जरिए प्रशासन और छात्रों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया गया। आपको बता दें कि 31 अगस्त को होने वाले छात्रसंघ चुनाव में करीब 9,000 छात्राएं वोटिंग करेंगी, जो कुल मतदाताओं की संख्या के आधे से अधिक हैं।
पंजाब यूनिवर्सिटी के अनुसार, कुल 16,468 विद्यार्थी मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं. इनमें 7,467 पुरुष, करीब 9,000 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर वोटर शामिल है। यूनिवर्सिटी के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले इस बार 344 मतदाताओं की संख्या में बढ़ी है. वहीं, पिछले चुनाव में 9,535 विद्यार्थियों ने अपने वोटिंग की थी।






