समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस के जरिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश का ‘ड्रीम प्रोजेक्ट’ कहे जाने वाले JPNIC बिल्डिंग को यूपी सरकार ने निजी हाथों में सौंप दिया है, जिससे सपा मुखिया बेहद नाराज हैं. अखिलेश का कहना है, “बीजेपी ने अपने नाम से JP (JPNIC) बेच दिया। बीजेपी के लोगों का बस चले तो पूरी बीजेपी ही बेच दें। अखिलेश यादव ने JPNIC का जिक्र कर कहा कि वह इस सोच से यह बिल्डिंग बना रहे थे कि जनता के लिए सहूलियत हो। ऐसी इमारत बने जो संदेश दे. सवाल यह नहीं कि बिल्डिंग किसके नाम पर बनी थी, आखिर क्या कारण है कि इसे निजी हाथों में दिया जा रहा है?
‘सपना देखा था कि JPNIC बिल्डिंग एक मैसेज देगी’
“JPNIC का जब शिलान्यास हुआ था तो उस समय नेता जी (मुलायम सिंह यादव) और वरिष्ठ समाजवादी लोग उस कार्यक्रम में मौजूद थे। किसी कारणवश, सरकार जाने के बाद वह पूरा नहीं हो पाया. फिर जब समाजवादी पार्टी सरकार आई तो उसका काम शुरू किया गया। उस समय जो सपना देखा था कि जयप्रकाश के योगदान का सम्मान हो। यह जो बिल्डिंग बने, एक मैसेज दे। जय प्रकाश ने युवाओं को जगाने का काम किया था और संपूर्ण क्रांति का आह्वान किया था। उनकी क्रांति देश की राजनीति में बदलाव लाई थी।
अखिलेश यादव ने आगे कहा, “भारतीय जनता पार्टी का जब गठन हो रहा था, तो उनके नेताओं ने जय प्रकाश का नाम इस्तेमाल किया था, क्योंकि बीजेपी के पास अपना कोई लीडर नहीं था। पार्टी के गठन के समय उन्हें यह मैसेज देना था कि वह समाजवादी विचारधारा पर अपनी पार्टी को चलाएंगे। इसलिए गठन के दिन, जिस समय उनकी पार्टी के पहले अध्यक्ष बने, इन लोगों ने जय प्रकाश की तस्वीर लगाकर पार्टी का अधिवेशन किया था.” अखिलेश यादव ने कहा कि वह यह बात भी नहीं करेंगे कि उस समय सबसे ज्यादा खर्चा किसने किया था? यह बात इतिहास में दर्ज है कि उस समय सबसे ज्यादा चंदा किसने दिया था।
बीजेपी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा, “जो P से पाकिस्तान की बात करते हैं, कहीं न कहीं उससे उनके तार जुड़े थे. बात इतनी सी है कि उनके पास उस समय एक भी समाजवादी नेता नहीं था. समाजवादी विचारधारा पर चलने के लिए जब बीजेपी ने संकल्प लिया था तो जय प्रकाश जी की तस्वीर लगाई थी। उन्हीं के नाम पर यह बिल्डिंग बन रही थी. अगर बीजेपी चाहती तो यह काम पूरा हो जाता लेकिन 10 साल में भी सरकार ने काम पूरा नहीं किया।
‘भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे थे, 10 साल में जांच क्यों नहीं की?’
बड़ा आरोप लगाते हुए सपा मुखिया ने यह भी कहा, “काम पूरा करना तो दूर, जो ठेकेदार थे उन्हें पूरा पेमेंट किया गया था. उनके लिए यह लिखवा कर रखा गया है कि हमने काम पूरा किया. हम भविष्य में कभी कोर्ट में नहीं जाएंगे. न आपके खिलाफ जांच की कोई अपील देंगे. जब बीजेपी वाले आरोप लगा रहे थे कि इस बिल्डिंग में पता नहीं क्या भ्रष्टाचार हुआ, तो 10 साल तक इन्हीं की सरकार थी. क्या जांच की?” इतना ही नहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी नेता इसलिए आरोप लगाते हैं क्योंकि वे जनता के पैसे से बनी इमारत को बेचना चाहते हैं और अपने लोगों को देना चाहते हैं।






