10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन होगा
17 अगस्त को जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपे जाएंगे
3 अक्टूबर को होंगे लखीमपुर-खीरी के शहीदों की स्मृति में कार्यक्रम
किसान संघर्ष समिति की कार्यकारिणी की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में रीवा से राष्ट्रीय महासचिव एड.शिव सिंह, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, कटनी से प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. खान, मालवा-निमाड़ क्षेत्र संयोजक रामस्वरूप मंत्री, ग्वालियर से ग्वालियर-चंबल संभाग के संयोजक एड. विश्वजीत रतौनिया, प्रदेश सचिव शत्रुघ्न यादव, छिंदवाड़ा से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश जैन, सागर से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप ठाकुर, रीवा जिला अध्यक्ष फौजी यदुवंश प्रताप सिंह, मऊगंज जिला अध्यक्ष अजय पटेल, सिवनी जिला अध्यक्ष पवन सनोडिया, बैतूल से प्रदेश सचिव भागवत परिहार एवं आमला तहसील अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने कहा कि 28 जुलाई 2026 को दिल्ली में आयोजित संयुक्त किसान मोर्चा के अखिल भारतीय सम्मेलन में छह सूत्रीय आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तय की गई है।
29 जुलाई को केन्द्रीय श्रमिक संगठनों ने किसान आंदोलन का सक्रिय समर्थन करने का निर्णय लिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 10 अगस्त 2026 को भारत छोड़ो दिवस की 84वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में लगभग 1000 स्थानों पर भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में जेल भरो, रेल रोको, सड़क रोको कार्यक्रम, 17 अगस्त को प्रमुख मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा जनप्रतिनिधियों को मांग पत्र सौंपे जाएंगे। 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी शहीद दिवस के अवसर पर देशभर में ग्राम महापंचायतें आयोजित की जाएंगी और 26 नवंबर 2026 से राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के 100 स्थानों पर किसान मार्च एवं जन आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया है।
डॉ सुनीलम ने बताया कि 10 अगस्त के कार्यक्रम का समर्थन केंद्रीय श्रमिक संगठनों द्वारा किया गया है।
उन्होंने कहा कि किसान संघर्ष समिति की कार्यकारिणी की बैठक में शामिल पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा घोषित सभी कार्यक्रमों को लेकर शीघ्र ही स्थानीय किसान संगठनों एवं श्रमिक संगठनों से चर्चा की जाएगी तथा व्यापक जनभागीदारी के साथ इन कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से आयोजित किया जाएगा।
डॉ सुनीलम ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा आगामी 26 नवंबर से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की बड़ी तैयारी कर रहा है ताकि किसानों की मुख्य समस्यायों का समाधान किया जा सके।
किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता एड शिव सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चे के जो भी ऐलान है उन्हें पूरी मजबूती से किया जाएगा साथ ही 26 नवंबर से किसान आंदोलन की तरह रीवा में भी किसान संघर्ष समिति पक्का मोर्चा लगाने का काम करेगी।







