राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले के बीच महाराष्ट्र की महायुति सरकार में मंत्री नितेश राणे ने विपक्षी दलों को जमकर घेरा। बीजेपी के मंत्री नितेश राणे ने विपक्ष को ‘औरंगजेब का वंशज’ करार दिया जिसके बाद अब प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया आई है। शिवसेना यूबीटी की सीनियर नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने नितेश राणे के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं उनके बयान पर जवाब देना पसंद नहीं करूंगी। वह रोज सुबह उठकर कुछ न कुछ उल्टा-सीधा बयान देते रहते हैं. मंत्री पद पर होने के बावजूद वह पद की गरिमा नहीं समझते. मैं इस पर कोई और टिप्पणी नहीं करना चाहूंगी।
‘RSS के लिए शर्मनाक बात है’- प्रियंका चतुर्वेदी
राम मंदिर चंदा विवाद में RSS के ‘फंड के गलत इस्तेमाल’ पर चिंता जताने और SIT जांच पर भरोसा जताने पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कहा, “RSS लगातार धर्म को लेकर और भगवान श्रीराम के मंदिर को लेकर अपनी पीठ थपथपा रहा था। आज कितनी शर्मनाक बात है कि राम मंदिर के चढ़ावे की जिम्मेदारी जिनको दी गई थी, वो आरएसएस और विहिप से जुड़े थे. उन्हीं की निगरानी में इतना बड़ा स्कैम हुआ है. यह 500 साल की लड़ाई लड़ने के बाद भव्य मंदिर बनाया गया था, इसकी जिम्मेदारी दोगुनी हो जाती है. इस जिम्मेदारी से भागकर उनका बचाव किया जा रहा है।
प्रियंका चतुर्वेदी ने आगे कहा, “अब RSS विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगा रही है। कह रही है कि धर्म को टारगेट किया जा रहा है. कैसे टारगेट कर रहे हैं? धर्म को टारगेट करने वाले हमारे ही धर्म के कुछ लोग इस तरह की चंदा चोरी कर रहे थे. ट्रस्टीज़ की आंखें बंद थीं. लगातार इतने सालों से यह चला आ रहा था, क्या इस पर आवाज़ नहीं उठनी चाहिए?”
शिवसेना यूबीटी ने दावा किया कि 500 साल की लंबी लड़ाई के बाद हमारा तीर्थ स्थल बना है। क्या उसके संरक्षण और जिम्मेदारी पर बात नहीं करनी चाहिए? अब वह कह रहे हैं कि राजनीतिकरण हो रहा है, राजनीतिकरण नहीं होता तो बीजेपी शासित यूपी सरकार इस मामले को सीधा सीबीआई को सौंपती. सीबीआई जांच से क्यों कतरा रहे हैं? SIT जांच में छोटे लोगों को जेल डाल दिया और असली जिम्मेदार लोगों को बचाने का काम आरएसएस-वीएचपी कर रही है।






