मसौढ़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल अपराधी की पटना के पारस अस्पताल में मौत हो गई है। मृतक कुख्यात बदमाश की पहचान हैदर के रूप में हुई. पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने इसकी पुष्टि की है. मुठभेड़ में घायल प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और ASI संजय को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि बदमाश द्वारा अगवा किया गया युवक पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। यह पूरी घटना मसौढ़ी मणिचक के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बदमाशों को गिरफ्तार करने गई पुलिस की टीम पर फायरिंग शुरू कर दी गई। इस फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। मणिचक तालाब में युवक के अपहरण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़
इस बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के गोली लग गई थी जिससे वह घायल हो गया था। पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां उसने दम तोड़ दिया है।
पुलिस मुठभेड़ में मारा गया हैदर इतना सनकी और कुख्यात था कि मसौढी के कोरियामा गढ़वा में एक क्रिकेट मैच में एंपायर के फैसले से नाराज होकर मैदान पर ही उसको गोलियों से भून डाला था। फिलहाल हैदर अब पुलिस एनकाउंटर में लगी गोली के बाद मारा जा चुका है।
घटना पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
शुक्रवार (12 जून) को मसौढ़ी में अपराधियों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हुए हमले पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा था कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. मुझे भी इस घटना की जानकारी मीडिया और अन्य स्रोतों से मिली। सम्राट चौधरी ने स्पष्ट रूप से कहा था कि पुलिस को जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है और कार्रवाई करने की पूरी छूट है. ऐसे जघन्य अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।








