राजस्थान में गर्मी ने फिर से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गर्म जैसलमेर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, पश्चिमी राजस्थान में तेज गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में 44.2 डिग्री, फलौदी में 43.6 डिग्री, बीकानेर में 43 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, वहीं कोटा में 41.2 डिग्री और राजधानी जयपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राज्य के बाकी इलाकों में तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, लेकिन गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि 7 मई से अगले तीन-चार दिनों तक जोधपुर संभाग और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं। विभाग के मुताबिक, राज्य के अधिकांश हिस्सों में आने वाले दिनों में आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। खास तौर पर पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।
9 मई से हीटवेव का नया दौर
विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 मई से जोधपुर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव का नया दौर शुरू होने की संभावना है। लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है। ‘तड़पती रहीं गर्भवती महिलाएं…’, अस्पताल में 2 मौतों के मामले पर भड़के अशोक गहलोत, सरकार को घेरा








