सहायक श्रमायुक्त के आदेश (04.01.2024) पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से वसूली गई 46 करोड़ 36 लाख 80 हजार रुपये की राशि 7 अगस्त और 1 सितंबर 2025 को अपर श्रमायुक्त कार्यालय, गौतमबुद्ध नगर में जमा हो चुकी है। श्रमिकों ने 19 सितंबर 2025 को सभी दस्तावेज और फोटो सहित भुगतान का आवेदन भी दिया, लेकिन आज तक एक रुपया भी वितरित नहीं किया गया।
यूनियन प्रतिनिधि रामकिशन सिंह, टीकम सिंह सीटू नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा का कहना है — “हम कोर्ट-कचहरी की हर लड़ाई जीत चुके हैं, पैसा सरकारी खजाने में जमा है, फिर भी हमारे बच्चे भूखे हैं। यह न्याय का मज़ाक है।”
अंतिम चेतावनी:
बार-बार गुहार के बावजूद सुनवाई न होने पर यूनियन ने ऐलान किया है कि 1 अप्रैल 2026 से अपर श्रमायुक्त कार्यालय, जी-25ए, सेक्टर-3, नोएडा के सामने संबंधित श्रमिक अपने परिवार, महिलाओं और बच्चों सहित अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। धरना रात-दिन चलेगा।
धरनास्थल पर माइक, टेंट, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय तथा बच्चों-महिलाओं के लिए भोजन की व्यवस्था यूनियन स्वयं करेगी। आंदोलन को जनसमर्थन दिलाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
यूनियन ने अपर श्रमायुक्त से माँग की है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हुए अविलंब अवार्ड का पालन कराया जाए और जमा राशि श्रमिकों को वितरित की जाए, अन्यथा उत्पन्न स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।







