बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता राबड़ी देवी (Rabri Devi) को सर्कुलर रोड स्थित आवास नंबर 10 को खाली करने का नोटिस जारी हुआ है। इसके बाद से बयानबाजी जारी है। एक तरफ राबड़ी देवी ने कहा है कि वे खाली नहीं करेंगी, चाहे तो फोर्स बुला लें। इस बीच जेडीयू की प्रतिक्रिया आई है. जनता दल यूनाटेड को आरजेडी की चिंता सता रही है। पार्टी के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने इस मामले को आरजेडी के मौजूदा संख्याबल (विधानसभा में) से जोड़ा और तंज कसा कि इसी मोह ने तो पार्टी को 25 सीट पर लाकर खड़ा कर दिया है।
बंगले को लेकर राजीव रंजन ने सोमवार (01 जून, 2026) को कहा, “अगर नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्हें कोई वैकल्पिक बंगला आवंटित किया गया है, तो राबड़ी देवी को पुराने बंगले के प्रति अपना मोह छोड़कर नए आवास में चले जाना चाहिए। पार्टी को जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम करना चाहिए। ये बंगला और संपत्ति का मोह पार्टी को 25 सीट पर पहुंचा चुका है। पार्टी की साख और विश्वसनीयता सवालों के घेरे में है. इसलिए अब नए तरीके से नई रणनीति पर आरजेडी को काम करना चाहिए।
राजीव रंजन ने राहुल गांधी पर भी किया हमला
जेडीयू नेता ने कहा, “राहुल गांधी तंत्र पर लगातार सवाल खड़े करके, तंत्र की विश्वसनीयता को खंडित करने का प्रयास करते रहे हैं। ये पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वे अनेक अवसरों पर देश की तमाम संस्थाओं पर सवाल खड़े करते रहे हैं… और अब पूरी परीक्षा प्रणाली को लेकर जिस तरह से उनके ताबड़तोड़ बयान आ रहे हैं, वो दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा, “जो कदाचार की शिकायतें हैं, जहां देर से परीक्षा संचालित किए जाने का सवाल है या इससे पहले पेपर लीक को लेकर जो बातें हुई हैं, इन सभी मामलों को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में भारत सरकार का शिक्षा मंत्रालय लगातार कड़े कदम उठा रहा है. CBI की जांच चल रही है, अनेक गिरफ्तारियां हुई हैं। एक तार्किक निष्कर्ष पर ये पूरा प्रकरण पहुंचेगा. किसी भी भ्रम में राहुल गांधी को नहीं रहना चाहिए।

