Site icon The News15

जयंती महोत्सव के उपलक्ष में निकाली गई शोभा यात्रा

पूसा। प्रखंड के पूसारोड बाजार में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा 2 मार्च को आयोजित 88वें त्रिमूर्ति शिव जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को एक शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें भोलेनाथ शिव बाबा एवं लक्ष्मी- नारायण की अति सुंदर झांकी बनाई गई। जो स्टेशन रोड, वैनी स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए राम जानकी मंदिर पर आकर पूरी हुई।
शोभायात्रा एवं झांकी को प्रमुख व्यवसायी प्रकाश मोदी ने झंडा दिखाकर रवाना किया।
झांकी के द्वारा यह संदेश दिया गया कि स्वयं निराकार परमपिता परमात्मा शिव इस सृष्टि पर अवतरित होकर श्रेष्ठ ज्ञान दे रहे हैं। जिसके द्वारा मानव के अंदर आसुरी संस्कारों का परिवर्तन हो रहा है और उनके संस्कार देव तुल्य बनते जा रहे हैं। जो परमात्मा द्वारा बताए गए रास्ते पर चल रहे हैं, वह अपने लिए स्वर्णिम दुनिया का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। जहां मनुष्य देव तुल्य होंगे। धरा पर स्वर्ग होगा। सर्वत्र सुख, शान्ति और समृद्धि होगी। यही वह समय है जब हम परमात्मा की संतान होने के नाते उनसे अपना जन्मसिद्ध अधिकार प्राप्त कर सकते हैं। नई सतयुगी दुनिया के विश्व महाराजन एवं विश्व महारानी श्री नारायण एवं श्री लक्ष्मी होंगे।
पूजा बहन ने समस्त प्रखंड वासियों से शनिवार को दोपहर 1:30 बजे राम जानकी आनंद भवन में आयोजित शिव जयंती महोत्सव में सपरिवार शामिल होने का आह्वान किया।
शोभा यात्रा में मुख्य रूप से नरेंद्र अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, रीता अग्रवाल, शोभा अग्रवाल, अनिल, विनोद, मनोज, पन्नालाल, अमरेश, राम सकल, उमेश सहित सौ के करीब भाई-बहन मौजूद थे।

Exit mobile version