समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव लगातार राम मंदिर विवाद के बीच सरकार पर निशाना साध रहे हैं। सपा चीफ ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर भगवान राम का एक एआई वाला वीडियो शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “क्या फिर से चले गए वनवास?” अब सपा चीफ के वीडियो पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। उनके वीडियो पर पक्ष-विपक्ष की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। सपा चीफ के इस वीडियो पर केंद्रीय मंत्री बी एल वर्मा का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अखिलेश यादव के राम मंदिर वीडियो पर कहा, “ये लोग राम मंदिर की बात ना करें, जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोली चलवाई, हमेशा भगवान राम पर सवाल उठाया वो राम मंदिर की बात करे रहे हैं. इनको 2027 में कोई लाभ मिलने वाला नहीं है.” उन्होंने आगे कहा, “योगी सरकार ने SIT बनाई, जांच चल रही है, कोई बचेगा नहीं।
अखिलेश के राम वाले वीडियो पर AIMIM का हमला
अखिलेश यादव के राम वाले वीडियो पर एआईएमआईएम की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है. एआईएमआईएम प्रवक्ता शादाब चौहान ने अखिलेश पर मुसलमानों के मुद्दे न उठाने और अनदेखी करने का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव के मुसलमानों की मोबलिंचिंग, मुसलमानों के कारोबार पर हुए हमले, फर्जी एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई, मस्जिद मदरसों और खानकाहो पर न बोलने का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा, ” पिछले 9 सालों उत्तर प्रदेश में मुसलमानों की मस्जिद, मदरसों और खानकाहो को टारगेट किया गया, मुसलमानों की मोबलिंचिंग हुई,मुसलमानों के कारोबार पर हमले हुए, फर्जी एनकाउंटर हुए, बुलडोजर का दुरूपयोग हुआ लेकिन एक बार भी आपने मुसलमान पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ मोर्चा नहीं खोला।
राम मंदिर
मुद्दे पर लगातार सरकार को घेर रहे अखिलेश
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या के एक मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़ी खबरें उत्तर प्रदेश के गांवों तक पहुंच गई हैं और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को इस मुद्दे पर जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा. अयोध्या में एक मंदिर में चढ़ावे की चोरी की खबर हर गांव तक पहुंच गई है। इस बार बीजेपी को न तो चंदा मिलेगा, न दान और न ही वोट।
सपा प्रमुख ने बीजेपी पर इस मुद्दे को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “वे लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। वे कहानियां गढ़ रहे हैं और वास्तविक मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए दूसरों का नाम घसीट रहे हैं।

