भारत ने महिला 4 x 400 मीटर रिले रेस इवेंट में गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। यह 2026 एशियाई खेलों में भारत का छठा गोल्ड रहा. स्वर्ण जीतने वाली भारतीय टीम में किरण मचेत्तिरा पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज शामिल रहीं। भारतीय टीम ने 3:29.69 मिनट में रेस समाप्त की। इवेंट में बहरीन की टीम ने दूसरे पायदान पर रहते हुए सिल्वर मेडल जीता। बहरीन की खिलाड़ियों ने 3:30.21 मिनट में रेस खत्म की। भारत और बहरीन के बीच 0.52 सेकेंड का फासला रहा. वहीं चीन की टीम ने तीसरे नंबर पर रहते हुए ब्रॉन्ज अपने नाम किया. चीनी खिलाड़ियों ने 3:31.02 मिनट में रेस समाप्त की।
एथलेटिक्स में भारत का पहला गोल्ड
भारत ने क्रिकेट, कबड्डी और शूटिंग में गोल्ड जीता था। अब एथलेटिक्स में भी गोल्ड आ गया है। इसके साथ भारत ने मेडल टैली में 50 का आंकड़ा भी पार कर लिया है।
विथ्या रामराज दूसरा मेडल
यह नागोया के एशियाई खेलों में धाविका विथ्या रामराज का दूसरा मेडल रहा। इससे पहले उन्होंने 400 मीटर की हर्डल रेस यानी बाधा दौड़ में ब्रॉन्ज जीता था। अब उन्होंने गोल्ड मेडल भी अपने नाम कर लिया है।
बारिश नहीं बन सकी बाधा
इवेंट के दौरान बारिश हो रही थी, लेकिन फिर भी भारतीय खिलाड़ी कमाल करने में सफल रहे. बारिश उनके लिए बाधा नहीं बन सकी. अक्सर बारिश के दौरान खिलाड़ियों को दौड़ लगाने में दिक्कत होती है।
मेडल टैली में 10वें पायदान पर भारत
छठे गोल्ड के साथ भारत मेडल टैली में 10वें पायदान पर पहुंच गया है। कुल मेडल की संख्या 51 पर पहुंच गई है। इसमें 6 गोल्ड के अलावा 21 सिल्वर और 24 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

